छतरपुर में व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया कि पत्नी की सरकारी नौकरी लगने के बाद उसके तेवर बदल गए. युवक के साथ मारपीट करके घर से निकालने का भी आरोप है.
मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले पंकज अहिरवार ने अपनी पत्नी आरती अहिरवार पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया है. पंकज के मुताबिक उन्होंने मेहनत-मजदूरी के साथ कपड़ों का शोरूम चलाकर अपनी पत्नी को पढ़ाया. जब पत्नी की सरकारी नौकरी लगी तो उन्होंने अपना कारोबार बंद करके घर पर बच्चों की देखभाल करने ध्यान देना शुरू कर दिया.
पंकज ने बताया कि नौकरी लगने के बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आया. आर्थिक परेशानियों के बावजूद पत्नी की पढ़ाई जारी रखी और उसे आगे बढ़ने में मदद की. पत्नी के वर्ग-1 शिक्षक के पद पर चयनित होने के बाद परिवार की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद थी. जानकारी के मुताबिक दंपती के 3 बच्चे भी हैं. पंकज का आरोप है कि बुधवार को सुबह के समय छतरपुर में पीएनबी बैंक के सामने किराए के मकान में पत्नी और उसके भाई वरदान अहिरवार ने उनके साथ मारपीट की.
पंकज का आरोप है कि दोनों ने डंडे से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई. घटना के बाद घायल पंकज को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
पत्नी ने की मारपीट
शिकायत के दौरान पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट में उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और उसे घर से बाहर निकाल दिया. पंकज का कहना है कि पत्नी की नौकरी लगने के बाद से ही उनके बीच विवाद बढ़ता गया. हालांकि मामले में अभी तक पत्नी या उसके परिवार की ओर से कोई पक्ष सामने नहीं आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है. मामले को लेकर छतरपुर के एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत की जा रही है. शिकायत में सामने आए तथ्यों और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
