रक्षा मंत्रालय की ASO नाजिया खानम की मौत पर अब पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. नाजिया के परिवार ने ससुरालवालों पर मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और हत्या के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
द्वारका जिले के भरथल गांव में रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पड़ पर तैनात नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था. अब इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. नाजिया के परिवार ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक नाजिया के पिता की शिकायत पर मामले में FIR दर्ज की गई है.
जान से मारने की दी जाती थी धमकी
आपको बता दें कि शिकायत में ससुराल वालों पर नाजिया को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं. परिवार का कहना है कि नाजिया की शादी 11 अप्रैल को मुस्लिम रीति रिवाज से आजम अली खान से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही नाजिया को उसके पति और सास-ससुर की ओर से परेशान किया जाना शुरू हो गया था. आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज करके मारपीट की जाती थी और घर से निकालने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी.
परिवार को देती थी सब जानकारी
मामले में की गई शिकायत में ये भी कहा गया है कि नाजिया लगभग तीन महीने की गर्भवती थी और इसके बावजूद उसके साथ प्रताड़ना जारी रही. परिवार के मुताबिक नाजिया फोन पर समय-समय पर अपने साथ हो रहे व्यवहार की जानकारी देती थी. परिवार के मुताबिक 21 अगस्त की सुबह लगभग 4 बजे नाजिया के ससुर ने फोन करके उसकी मौत की जानकारी दी थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. नाजिया का शव भरतल गांव स्थित फ्लैट में पंखे से लटका मिला था. पंखे से उतार कर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
आपको बता दें कि परिवार ने अपनी शिकायत में नाजिया की मौत को लेकर शक जताया है और आरोप लगाया है कि उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया हो सकता है. परिवार ने ये आशंका भी जताई है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या करके इस घटना को आत्महत्या का रूप दे दिया हो. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 85 और 108 के तहत मामला दर्ज किया है. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.
