सीएम योगी ने एक कार्यक्रम के दौरान ये ऐलान किया है कि स्नातक की पढ़ाई करने वाली प्रदेश की 50 हजार बेटियों को अक्टूबर या नवंबर में एक-एक स्कूटी देंगे. उन्होंने इस दौरान विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बेटी के जन्म से लेकर पढ़ाई तक और आगे भी सरकार हमेशा उसके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि हमने एक और व्यवस्था की है. हमारे लिए पहले ये काम बड़ा था कि रक्षाबंधन पर इस कार्यक्रम को करेंगे. उन्होंने कहा कि अभी हम अक्टूबर या नवंबर में प्रदेश की 50 हजार बेटियों को जो स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं, एक स्कूटी उपलब्ध करवाने जा रहे हैं. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि यूपी में पहले पहचान का संकट था, आधी आबादी को न सुरक्षा थी, न सम्मान था.
उपद्रव को उत्सव में बदला- सीएम योगी
कार्यक्रम में सीएम योगी ने आगे कहा कि यूपी उस दौर को जब याद करता है, तो रोंगटे खड़े होते हैं. कहीं दंगे, कहीं कर्फ्यू, कहीं असुरक्षा. उन्होंने कहा कक हर योजना में बेईमानी और भ्रष्टाचार, लेकिन धर्म चक्र बदलता है. अगर उस समय उपद्रव था, तो पीएम मोदी के नेतृत्व में जब डबल इंजन की सरकार यूपी में आई, तो उपद्रव को उत्सव में बदल दिया गया है. उन्होंने कहा कि हमारा पहला संकल्प था उत्तर प्रदेश की बेटी को भयमुक्त वातावरण देंगे. उसे अपने विश्वास के दम पर खड़ा होने का पूरा मौका देंग. उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि हमने जो कहा था, बेटी को सुरक्षा की गारंटी देंगे, यह केवल एक फिजिकल सिक्योरिटी नहीं थी, यह मेंटल सिक्योरिटी भी थी, हेल्थ सिक्योरिटी भी थी’.
महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
आपको बता दें कि सीएम योगी ने 26 अगस्त को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का उद्घाटन किया था. जिसके तहत राज्य भर में 60 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी. उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं की सुविधा और सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल को लेकर लखनऊ में विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
