संभल के DM ने BSA अलका शर्मा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट नहीं सौंपने और सरकारी कार्यों में लापरवाही के मामले में उनके अगस्त महीने के वेतन पर रोक लगा दी है. जिलाधिकारी के इस एक्शन के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
उत्तर प्रदेश के संभल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अलका शर्मा के खिलाफ जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कड़ी कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट नहीं सौंपने के मामले में डीएम ने BSA के अगस्त महीने के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. डीएम की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.
समय पर नहीं दी जांच रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक यह मामला संभल के पंवासा क्षेत्र के सौधन मोहम्मदपुर से जुड़ा है. यहां विकास कार्यों को लेकर एक शिकायत सामने आई थी. शिकायत की जांच के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा को जांच अधिकारी बनाया गया था. आरोप है कि जांच पूरी करने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट जिलाधिकारी के सामने पेश नहीं की गई. रिपोर्ट नहीं सौंपे जाने को लेकर प्रशासन ने इसे सरकारी कार्यों में लापरवाही माना.
डीएम ने वेतन रोकने के दिए निर्देश
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने BSA अलका शर्मा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए. आदेश के मुताबिक अगस्त महीने का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है. प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई को समय पर सरकारी कार्य पूरा नहीं करने से जोड़कर देखा जा रहा है. डीएम के इस कदम के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी चर्चा तेज हो गई है.
