सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को पेंगुइन इंडिया ने ना छापने का फैसला किया है. हालांकि वैश्विक स्तर पर यह किताब 10 नवंबर 2026 को लॉन्च के लिए तैयार है. अब इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर अब नई जानकारी सामने आई है. पहले खबर आई थी कि पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इस किताब के प्रकाशन से हाथ खींच लिया है, क्योंकि पांडुलिपि (Manuscript) में प्रस्तावित संपादकीय बदलावों को लेकर लेखिका से असहमति हो गई थी. अब पेंगुइन इंडिया ने इसको लेकर आधिकारिक स्टेटमेंट जारी किया है और कहा है कि ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया भारत में ‘Belonging’ का प्रकाशक नहीं है. यह सुझाव या दावा कि पेंगुइन इंडिया ने ‘Belonging’ को प्रकाशित न करने का फैसला इसलिए लिया, क्योंकि लेखिका ने संपादकीय बदलावों से इनकार कर दिया था और परिस्थितियों को सही ढंग से नहीं दर्शाता है
पेंगुइन इंडिया ने दिया बयान
पेंगुइन इंडिया ने अपने स्टेटमेंट में आगे कहा कि एक प्रकाशक के रूप में तथ्यों की जांच करना और लेखकों को ऐसे सुझाव देना जो उनकी किताबों के हित में हों हमारा विशेषाधिकार और जिम्मेदारी दोनों ही है. यह प्रकाशन प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है. प्रासंगिक चर्चाओं के दौरान पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया का रुख हमेशा यही रहा कि हम इस किताब को प्रकाशित करने के लिए तैयार और उत्सुक थे. हालांकि इसके बाद पेंगुइन इंडिया ने लेखिका के साथ हुई गोपनीय चर्चाओं पर आगे किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
सोनिया गांधी से बनी असहमति
जानकारी के मुताबिक किताब के प्रकाशन को लेकर पहले जो रिपोर्ट सामने आई थी, उसमें दावा किया गया था कि पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने किताब के एक भाग में विशेष बदलाव की मांग की थी. हालांकि, सोनिया गांधी ने प्रस्तावित बदलावों को अस्वीकार कर दिया और किताब में कोई भी संशोधन करने से मना कर दिया. इसी असहमति के कारण पेंगुइन इंडिया ने किताब छापने से इनकार कर दिया. अब पेंगुइन इंडिया ने खुद ही किताब नहीं छापने की जानकारी दी है.
अमेरिका में लॉन्च होगी किताब
हालांकि इसको लेकर कहा जा रहा है कि विवाद के कारण किताब के अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन पर कोई असर पड़ने की उम्मीद नहीं है. सोनिया गांधी की ये आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर 2026 को वैश्विक स्तर पर लॉन्च के लिए निर्धारित है और अमेरिका में इसे पेंगुइन रैंडम हाउस के एक प्रकाशन अल्फ्रेड ए. नोपफ द्वारा प्रकाशित किया जाएगा. वहीं अब यह भी कहा जा रहा है कि हार्परकॉलिन्स इंडिया भारत में इस किताब के प्रकाशन और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए एक समझौते को अंतिम रूप देने के करीब है.
