Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर में ट्रेन के एसी कोच से शराब के साथ युवती पकड़ी गई, वहीं मुजफ्फरपुर में 2 लाख की हेरोइन के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार हुए. पुलिस अब दोनों मामलों के तार जोड़कर बड़े ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करने में जुटी है.

Bihar Crime News: बिहार में नशे के काले कारोबार पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा प्रहार किया है. समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में एक के बाद एक हुई दो बड़ी कार्रवाइयों ने तस्करों के होश उड़ा दिए हैं. समस्तीपुर में ट्रेन के एसी फर्स्ट क्लास से शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई. वहीं मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर पति-पत्नी को हेरोइन के साथ रंगे हाथों दबोच लिया. दोनों ही मामलों ने यह साफ कर दिया है कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं.
ट्रेन के एसी कोच में ‘मॉडल’ और शराब
समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की. स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच की तलाशी में करीब 75 लीटर शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से एक मॉडल जैसी दिखने वाली युवती और उसके साथी को गिरफ्तार किया. हाईप्रोफाइल तरीके से एसी कोच में सफर करके शराब की तस्करी का यह तरीका देखकर पुलिस भी दंग रह गई. फिलहाल दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है.
मुजफ्फरपुर में ‘ड्रग कपल’ पर पुलिस का शिकंजा
उधर मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के शेरपुर-दिघड़ा में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस ने एक मकान में अचानक छापेमारी कर दी. यहाँ से पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया और उनके पास से 25 ग्राम हेरोइन जब्त की. बाजार में इसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीत कुमार उर्फ गुर्जर और उसकी पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है.
64 पुड़ियों में पैक थी हेरोइन
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हेरोइन को 64 छोटी पुड़ियों में पैक कर रखा था. ये दोनों अपने ही घर से स्मैक और हेरोइन का धंधा चला रहे थे. शुरुआती पूछताछ में आरोपी पति-पत्नी ने बताया कि वे वैशाली जिले के महुआ इलाके से नशीले पदार्थ लाते थे. इसके बाद मुजफ्फरपुर शहर और आसपास के इलाकों में खुदरा भाव में सप्लाई करते थे. इस खुलासे के बाद पुलिस नेटवर्क के तार तलाशने में जुट गई है.
अंतर-जिला ड्रग सिंडिकेट का खुलासा
दो दिन पहले मुजफ्फरपुर के ही ब्रह्मपुरा थाने की पुलिस ने हेरोइन और जेवरात के साथ तीन तस्करों को पकड़ा था. जांच आगे बढ़ी तो दिघड़ा से पकड़े गए पति-पत्नी और ब्रह्मपुरा के तीनों आरोपियों के तार आपस में जुड़ते दिखे. पुलिस को मजबूत संकेत मिले हैं कि ये सभी आरोपी एक ही बड़े ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा हैं. अब पुलिस की टीमें मुख्य सरगना और महुआ के सप्लायरों की लोकेशन ट्रैकिंग में लगी हैं.
रिमांड पर लेकर होगी आमने-सामने पूछताछ
टाउन एसडीपीओ विनीता सिन्हा के मुताबिक पुलिस पकड़े गए पति-पत्नी और ब्रह्मपुरा मामले के आरोपियों को रिमांड पर लेगी. इसके बाद सभी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से महुआ से जुड़े सप्लायरों का पता चलेगा. साथ ही यह भी साफ होगा कि ये नशीले पदार्थ कहाँ से तैयार होकर आते थे. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा.
