गाजियाबाद के विजयनगर में किशोरी की 15वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम एक 16 वर्षीय किशोरी के 15वीं मंजिल से गिरने की सूचना सामने आई. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में किशोरी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
डायल-112 के माध्यम से मिली सूचना
विजयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना शाम करीब 6:30 बजे की है. शाम लगभग 7 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गौर सिद्धार्थम सोसाइटी के आई टावर की 15वीं मंजिल से एक लड़की गिर गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया. हालांकि इलाज से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें किशोरी ने अकादमी के दबाव को लेकर परेशानी का जिक्र किया है. पुलिस फिलहाल सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की भी जांच कर रही है.
पुलिस कर रही जांच
जानकारी के मुताबिक किशोरी की पहचान सोसाइटी के आई टावर में रहने वाली 16 साल की एक किशोरी के रूप में की गई है. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों से जानकारी जुटाई. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले किशोरी की गतिविधियां क्या थीं और किन परिस्थितियों में वह 15वीं मंजिल तक पहुंची.
मामले में जांच कर रही पुलिस
थाना पुलिस के मुताबिक मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल से मिले सबूतों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. मौत की वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है. शुरुआती जांच में सुसाइड नोट के आधार पर अकादमी के दबाव की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
