अंकिता भंडारी हत्याकांड ने इन दिनों फिर सुर्खियां पकड़ ली हैं. उत्तराखंड की राजनीति और समाज में एक बार फिर से अंकिता हत्याकांड उबाल पर है. पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड पुलिस वायरल ऑडियो के मामले में जिस उर्मिला सनावर की तलाश कर रही थी, वह उर्मिला सनावर अब सार्वजनिक रूप से सामने आई है.
कई दिनों से लोकेशन ट्रैक कर रही थी पुलिस
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में वायरल ऑडियो के मामले और पूर्व में दर्ज कई मुकदमों के चलते उत्तराखंड पुलिस लगातार उर्मिला सनावर की लोकेशन ट्रैक कर रही थी, लेकिन अब उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर अचानक वापसी करते हुए नई हलचल पैदा कर दी है. काफी दिनों तक सार्वजनिक मंच और पुलिस के दूर रहने के बाद में अब उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बड़ा दावा किया है.
9 दिन बाद अपने गर्भ जून से बाहर आ रही हूं- उर्मिला सनावर

उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए काफी बड़ा दावा किया है. उन्होंने लिखा है कि वह अंकिता हत्याकांड में जांच करने वाली SIT के सामने पेश होने को तैयार हैं. उर्मिला ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए अपनी चुप्पी तोड़ी है. लगभग एक हफ्ते तक गायब रहने के बाद में अचानक से उर्मिला की सोशल मीडिया पर वापसी होती है और वह फेसबुक पर पोस्ट करती हुई लिखती है कि असुरों का नाश करने के लिए देवी को भी 9 महीने छिप कर रहना पड़ा था, मैं अब 9 दिन के बाद अपने गर्भ जून से बाहर आ रही हूं. उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि सबूतों के साथ में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए मैं आ रही हूं और SIT जांच के लिए तैयार हूं.
जिनके पास क्लीनचिट नहीं, वे राजनीति न करें- उर्मिला सनावर
उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए अपनी वापसी की बात कही है. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि जिनके पास क्लीनचिट नहीं है, वे राजनीति न करें. उर्मिला ने अपनी पोस्ट में शासन-प्रशासन से अपील की है कि उनके द्वारा दिए जाने वाले सबूतों के साथ में किसी भी तरह की कोई छेड़छाड़ न की जाए. उर्मिला सनावर के इस तरह से सामने आने के बाद में एक बार फिर से मामले ने उबाल पकड़ ली है. लेकिन अभी भी कई सवाल हैं.
अब भी कई सवाल
उर्मिला सनावर की इस तरह से वापसी ने कई सवाल खड़े किए हैं. भाजपा के महासचिव दुष्यंत गौतम ने दिल्ली हाई कोर्ट में उर्मिला सनावर समेत कई लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है, जिस मामले में बुधवार यानी कल सुनवाई है. वहीं आज उर्मिला सनावर की वापसी यह सवाल भी खड़ा करती है, कि कहीं इस मुदकमे से बचने और अपने आप को निर्दोष दिखाने के लिए तो यह वापसी नहीं हो रही है?
उर्मिला सनावर लगभग एक हफ्ते से ज्यादा दिनों से गायब चल रही हैं, लेकिन अचानक से वह फेसबुक पर पोस्ट करके अपनी वापसी की जानकारी देती हैं, लेकिन यह कोई नहीं जानता कि वह इतने दिन कहां थी. अगर उर्मिला सनावर के पास में इस मामले से रिलेटेड सबूत थे, तो वह इतने दिन गायब क्यों रहीं और SIT के सामने सबूत क्यों नहीं पेश किए? उर्मिला सनावर की इस तरह से अचानक वापसी पर यह सवाल भी खड़ा होता है कि इतने दिनों बाद अचानक से एक्टिव होने के पीछे कहीं कोई और कारण तो नहीं? उर्मिला की वापसी पर इस समय कई ऐसे सवाल उठ रहे हैं, जिनके जवाब नहीं हैं. अब देखना यह है कि उर्मिला सनावर के पास ऐसा कौनसा सबूत है, जिसको लेकर वो इतने दिनों के बाद अचानक से एक्टिव हुई हैं.
