गोरखपुर में घर पर अकेले मौजूद छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक छात्र घर के बरामदे में सो रहा था. सुबह के समय अज्ञात हमलावरों ने उसके ऊपर हमला कर दिया. पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच शुरू कर दी है.
गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में अपने घर के बरामदे में सो रहे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक युवक की पहचान BSC के छात्र 19 साल के शुभम मिश्रा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है हमलावारों ने छात्र के सिर पर चाकुओं से वार किया, जिससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय पर छात्र अपने घर में अकेला था.
लखनऊ गया है परिवार
जानकारी के मुताबिक छात्र के पिता किडनी का इलाज कराने के लिए लखनऊ गए हुए हैं. वहीं इस घटना की जानकारी होते ही छात्र के घर में चीखपुकार मच गई. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस फिलहाल मृतक छात्र के मां-बाप का इंतजार कर रही है. उनके आने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी.
4-5 साल से पीड़ित हैं पिता
यह घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक शुभम 2 भाई बहनों में सबसे छोटा था. वह BSC फर्स्ट ईयर में पढ़ रहा था. बुधवार की रात शुभम घर पर अकेला था, छात्र के पिता पिछले 4-5 सालों से किडनी रोग से पीड़ित हैं. उसके पिता और परिवार के लोग पिता के किडनी का इलाज कराने के लिए लखनऊ गए हुए हैं.
ग्रामीण ले गए अस्पताल
बताया जा रहा है कि रात में शुभम खाना खाने के बाद घर के बाहर बारामदे में सो रहा था. गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे अज्ञात हमलावारों ने शुभम के ऊपर सोते समय हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया. हमले के बाद परिजन और ग्रामीणों पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हत्या की वजह और हमलावरों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस हमलावरों की तलाश में भी जुटी हुई है. शुभम की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है.
