झारखंड के चतरा में DJ देखने गई नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गयी. इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में बड़ी मात्रा में सामान भी बरामद किया गया है.
झारखंड के चतरा जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को तीज के मौके पर गांव में डीजे कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम देखने पहुंची नाबालिग को 2 युवक अंधेरे का फायदा उठाकर सुनसान झाड़ियों की तरफ ले गए. आरोप है कि दोनों ने इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को झाड़ियों के पीछे फेंककर दोनों वापस DJ कार्यक्रम में चले गए.
मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस को 15 सितंबर को बेसरा गांव के समीप झाड़ियों में नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली. घटना की सूचना मिलते ही कुंदा पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाये. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
बरामद हुई सामान
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर नाबालिग का लाल रंग का टॉर्च, हेयर पिन, घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. जानकारी के मुताबिक बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है. मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 2 आरोपी
आपको बता दें कि इस मामले में पुलिस ने छापेमारी कर कथित रूप से शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदा क्षेत्र निवासी कमलेश भारती और मनोज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में होने की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने बताया कि डीजे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नाबालिग को जबरन झाड़ियों की ओर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी.
