दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में देर रात डीएमआरसी स्टाफ क्वार्टर में हुई घटना ने लोगों का दिल दहला दिया. इस हादसे में एक परिवार ने सोते-सोते ही अपनी जान गवां दी. घटना के बाद से पड़ोसी पूरे शोक के माहौल में डूबे हुए है. उनका कहना है कि पूरा परिवार काफी मिलनसार स्वभाव का था. सब के साथ उनके संबंध काफी अच्छे थे. हादसे में मरने वालों की पहचान अजय कुमार(42), नीलम(38) और जान्हवी(10) के रूप में की गई है.
आग पर काबू पाना मुश्किल
मामले की जानकारी के अनुसार डीएमआरसी के स्टाफ क्वार्टर में आग गई थी. मंगलवार की देर रात करीब 2 बजकर 39 मिनट पर दमकल गाड़ी की टीम को सूचना दी जाती है कि मजलिस मेट्रो स्टेशन के स्टाफ क्वार्टर की 5वीं मंजिल में आग लग गई है, जिसके बाद 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने के प्रयास में लग जाती है. दमकल विभाग वालों का कहना है कि आग इतनी ज्यादा लगी हुई थी कि उसकी लपटों ने दो तीन और फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके कारण उस पर काबू पाना भारी पड़ रहा था. कई घंटो की मशक्कत के बाद उस आग को कंट्रोल किया गया.
हालांकि, आग इतनी खतरनाक लगी हुई थी उस पर काबू पाते-पाते एक पूरे परिवार की उसमें मौत हो गई. हादसे में पति और पत्नी के साथ उनकी 10 साल की बच्ची थी. दमकल की गाड़ियों को वहां पर उस परिवार के जले हुए शव मिले थे.
शुरूआती जांच में आया सामने
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग घरेलू वस्तु के शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी थी. मामले की गंभीर रूप से जांच करने के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम हादसे वाली जगह पर जाकर जांच करने में जुटी हुई है. पुलिस मामले को हर ऐंगल से देख रही है. आगे की जांच में पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या कुछ और थी.
DMRC की सुरक्षा जांच टीम अलर्ट
हादसे के बाद DMRC की सुरक्षा से संबंधित विभाग एवं वहां के प्रशासन ने उस परिवार से जुड़े लोगों को जल्द से जल्द सहायता मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है. इस घटना के बाद जांच टीम पूरी तरीके से अलर्ट हो गई है और भविष्य में ऐसी घटना न हो उसके लिए जांच में जुट गई है.
ये भी पढ़ें: व्हाट्सएप बना स्कैमर्स का नया अड्डा! Mule Account Scam ने बढ़ाई चिंता, जानें क्या है यह स्कैम और इससे कैसे बचें?
