उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में मनरेगा को बदलकर VB-G RAM G कानून के संबंध में प्रेस कांफ्रेंस की है. इस प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों के माध्यम से जनता को G RAM G योजना के फायदे बताए. इसी के बीच में एक पत्रकार ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में मुख्यमंत्री से सवाल किए जिसके बाद सीएम धामी ने खुलकर इस मामले पर बात की है.
अंकिता भंडारी हत्याकांड में आपने क्या किया- पत्रकार
पत्रकार ने प्रेस कांफ्रेंस के बीच में सवाल पूछा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में आपने क्या किया, जिसके बाद में सीएम धामी ने कहा कि यह बहुत संवेदनशील प्रकरण है और इसके ऊपर बोलना बहुत जरूरी है. सीएम धामी ने कहा कि कई मीडिया के मित्रों कहा कि मैं इसपर बात नहीं कर रहा हूं, लेकिन यह बहुत जरूरी विषय है और इसके ऊपर बात करनी चाहिए. सीएम धामी ने कहा कि इस घटना की सूचना जब मेरे पास आई तब मैने तुंरत ही पुलिस विभाग और बाकी के प्रशासन को कहा कि जिसके ऊपर भी इस मामले में आरोप हैं और जो आरोपी हैं, उन्हें तुरंत ही गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कोई पकड़ से बाहर नहीं जाना चाहिए. उस समय पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और जो भी कानूनी प्रक्रियां होती हैं वो पूरी की गईं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने इस मामले में तुरंत ही एक महिला IPS अधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया, जिसके बाद SIT ने अपनी पूरी जांच की. सीएम धामी ने बताया कि इस मामले में पी रेणुका देवी उस SIT को हेड कर रही थीं और अखबारों में विज्ञापन भी दिया कि अगर किसी के पास इससे संबंधित कोई जानकारी है, तो वह SIT के पास पहुंचाए. इस मामले में लोगों ने सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में भी पैरवी की जिसके चलते आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई.
सीएम धामी ने कहा कि अब एक प्रकरण ऑडियो का आया है. जिसमें कई लोगों के नाम लिए गए हैं. इस ऑडियो की जांच के लिए SIT का गठन भी कर दिया गया है. सीएम धामी ने कहा है कि जिन लोगों ने इस ऑडियो पर बात की है, उनसे बात करने का पुलिस ने काफी प्रयास किया और अच्छा होगा कि इस ऑडियो की सच्चाई सामने आ जाए. सीएम धामी ने कहा कि हमारा ऐसा रिकॉर्ड रहा है कि अगर कोई गलत काम करेगा और दोषी होगा, तो फिर वो कोई भी हो, वह किसी भी कीमत पर छूटने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि इस ऑडियो की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद में पूरी कार्रवाई की जाएगी. सीएम ने कहा कि पहले उस ऑडियो की सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है.
सीएम धामी ने कहा कि अगर किसी के पास भी किसी तरह का सबूत है तो मैं आप सबके सामने कह रहा हूं कि फिर कोई भी नहीं बचेगा. सीएम धामी ने कहा कि हिंदुस्तान के अंदर उम्र कैद की सजा बहुत बड़ी सजा होती है और किसी को उम्र कैद की सजा मिली हुई है और अगर इसमें कोई और होता तो उसका नाम इसमें जरूर होता ऐसा नहीं है कि वह बच जाता. सीएम धामी ने कहा कि वे एक ऑडियो में कहते हैं कि इसकी हत्या हुई है और दूसरे में कहते हैं कि इसने आत्महत्या की है. उन्होंने कहा कि अब मैं आपसे ही पूछ रहा हूं कि कौनसी बात सच मानी जाए. उन्होंने कहा कि हम हर जांच के लिए तैयार हैं.
सड़कों पर लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और बीजेपी के संगठन से भी आवाज उठ रही है कि जन भावनाओं का ख्याल रखना चाहिए- पत्रकार
सीएम धामी से पत्रकार ने पूछा कि सड़कों पर लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और बीजेपी के संगठन से भी आवाज उठ रही है कि जन भावनाओं का ख्याल रखना चाहिए, इस बात का जवाब देते हुए सीएम धामी ने कहा कि अगर आप ही का नाम आ जाएगा ऑडियो में तो आप क्या करेंगे? सीएम धामी ने कहा कि हम हर चीज की जांच करा रहे हैं और उन लोगों को ढूंढ़ रहे हैं.
क्या उनके पीछे पार्टी के लोग हैं या कोई बैकअप कर रहा है- पत्रकार
इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब तो जांच में ही पता लगेगा. लेकिन हमारा तो यही कहना है कि उनको सामने आना चाहिए. क्योंकि उनके कारण ही प्रदेश में इस तरह का माहौल बना है तो उन्हें आकर इसका जवाब देना चाहिए कि आखिर किस आधार पर उन्होंने ऐसा कहा है. सीएम धामी ने कहा कि जांच लगातार चल रही है और जल्दी ही ये धुंध छटेगी और बादल हटेंगे जिसके बाद सूरज निकलेगा.
सीएम धामी ने कहा कि पूरा राज्य हमारा परिवार है और हमें बहुत दुख है. हम इस मामले में पूरी जांच करवाएंगे और हर तरह की जांच होगी. उन्होंने कहा कि वह हमारी बेटी है और उसे न्याया दिलाने के लिए हमने इतना संघर्ष किया है कि एक भी दिन आरोपी जेल से बाहर नहीं आ पाए हैं, उन्हें उम्र कैद की सजा हुई है. उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में कोई और भी होता तो उसका नाम गिरफ्तार आरोपी जरूर लेते और अगर इनके अलावा कोई और भी इस कांड में शामिल होता तो वह जरूर सामने आता. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर हमारा स्टैंड क्लियर है कि हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं.
क्या यह कोई षड़यंत्र है- पत्रकार
इस सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि आप लोगों को यह एक षड़यंत्र नहीं लग रहा है कि एक ऑडियो रिलीज करने के बाद में प्रेस कांफ्रेंस यहां न होकर दिल्ली में होती है और हमारे जिन प्रभारी जी का नाम लिया जाता है, उनके सभी सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस ने भी देख लिए कि उनका 10 तारीख से 20 तारीख के बीच में आना ही नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि अगर ऑडियो वाले लोगों के पास सच्चा सबूत है तो वो भागे क्यों हैं.
क्या यह सुरेश राठौर और दुष्यंत गौतम की व्यक्तिगत लड़ाई का परिणाम है- पत्रकार
पत्रकार की इस बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी चीज की जांच हम लोग कर रहे हैं कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों बोला है. सीएम ने कहा कि उन्हें आकर जवाब तो देना पड़ेगा, उनके घर में भी प्रशासन के लोग गए हैं और उनसे बात करने का प्रयास कर रहे हैं. सीएम ने कहा कि मैं तो खुद कह रहा हूं कि वे आएं और पुलिस को सबूत दें और अगर सबूत में सच्चाई निकलती है तो मैं बोस रहा हूं कि कोई बचने वाला नहीं है.
क्या ऐसे लोगों से कहेंगे कि सियासत न करके संतुलन बनाए- पत्रकार
सीएम धामी ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि मैंने पहले ही कहा है कि जिन लोगों को जनता बार-बार बाहर का रास्ता दिखा रही है वे बेटी अंकिता को अपना हथियार न बनाएं. अंकिता के हत्यारों को सजा दिलाने का काम सरकार का है और इस मामले में कोई न छूटा है और न ही कई आगे छूटेगा.
ये ऑडियो भाजपा के पूर्व विधायक से आई है, हो सकता है वह उस स्थिति को जानते हों- पत्रकार
जब पत्रकार ने यह सवाल पूछा तो सीएम धामी ने कहा कि वो हमारी पार्टी में थे, लेकिन पिछले एक साल से ज्यादा समय से पार्टी ने उन्हें निष्कासित किया जा चुका है और अगर उनके पास सच में ऐसा कुछ सबूत है तो उन्हें सामने आना चाहिए.
पुलिस को उर्मिला और सुरेश राठौर को पकड़ने में इतना समय क्यों लग रहा है- पत्रकार
पत्रकार के इस सवाल पर सीएम ने कहा कि अगर आपके पास उनकी कोई जानकारी है तो आप दे दीजिए, क्योंकि पुलिस तो लगातार अपनी पूरी कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस रोज उनके घर में नोटिस दे रही है और जगह-जगह पर छापेमारी हो रही है और जगह-जगह पर पुलिस जा रही है, उनके मोबाइल लोकेशन निकाली जा रही हैं, अगर आपके पास उनकी कोई जानकारी है तो आप भी दे दीजिए.
अंकिता के माता-पिता से करेंगे बात- सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस प्रकरण में मैं प्रदेश का मुख्य सेवक होने के रूप में अंकिता की मां और पिता से बात करूंगा और वो लोग अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए जो भी चाहते होंगे उसे कानूनी रूप से पूरी प्रक्रिया के साथ में आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि मैं इस प्रकरण में पूरी तरह से कानूनी अध्ययन करूंगा और बेटी के माता पिता से बात करूंगा.
