SIR में गड़बडियों को लेकर कई लोगों को नोटिस भेजे गए हैं. इस नोटिस लिस्ट में चुनाव आयुक्त एसएस संधू से लेकर कई बड़े मौजूदा और रिटायर्ड IAS अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. इस लिस्ट में दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल का नाम भी शामिल है.
SIR की नोटिस लिस्ट में कई बड़े नामों के सामने आने की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक चुनाव आयुक्त SS संधू से लेकर कई बड़े मौजूदा और रिटायर्ड IAS अधिकारियों को वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) के तहत गड़बड़ियों और ‘नो मैपिंग’ के लिए नोटिस भेजे गए हैं. आपको बता दें कि जिन बड़े अधिकारियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, उनमें विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सेबी (SEBI) चेयरमैन तुहिन कांता पांडे, PM के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद और स्वास्थ्य सचिव पुण्या सलिला जैसे लोग शामिल हैं.
विदेश मंत्री का भी नाम शामिल
आपको बता दें कि इसके अलावा मत्स्य पालन सचिव अभिलक्ष लिखी और उनकी पत्नी सुकृति लिखी, उर्वरक सचिव रजत कुमार मिश्रा और भूमि संसाधन सचिव नरेंद्र भूषण को भी ‘नो मैपिंग’ के लिए नोटिस भेजे गए हैं. बताया जा रहा है कि ये वे लोग हैं जिनकी मैपिंग ‘पिछली SIR’ के दौरान नहीं हो पाई थी. SIR नोटिस लिस्ट में विदेश मंत्री एस. जयशंकर का नाम भी शामिल है. इस लिस्ट में पूर्व उप-प्रधानमंत्री एल.के. आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी का नाम भी है
रिटायर्ड अधिकारियों को भी भेजा गया नोटिस
बताया जा रहा है कि SIR की जांच के दौरान कई रिटायर्ड अधिकारियों को भी उनके रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण नोटिस भेजे गए हैं. इनमें नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, JNU के पूर्व कुलपति और UGC के पूर्व अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार, पशुपालन विभाग की पूर्व सचिव अलका उपाध्याय और उपभोक्ता मामलों के पूर्व सचिव रोहित कुमार सिंह जैसे अधिकारी शामिल हैं.
केजरीवाल और उनका परिवार भी शामिल
जानकारी के मुताबिक इसमें कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी के साथ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम भी शामिल हैं. लिस्ट में गड़बड़ियों के कारणों में अलग-अलग मामलों में नामों की स्पेलिंग में अंतर और पुराने SIR रिकॉर्ड से नामों का मिलान न हो पाना शामिल है.
