चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र में दो युवकों के शव बोरे में बंद मिले. इस दोनों शव के मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल किसी तरह की पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है.
उत्तर प्रदेश के चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. बताए जा रहा है कि डेढ़गांवा गांव के पास धीना-जमानियां मार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर बोरे में बंद शव मिले. दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष होने की जानकारी सामने आयी है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पुलिस को आशंका है कि दोनों युवकों की कहीं दूसरी जगह हत्या करने के बाद उनके शवों को बोरों में भरकर फेंका गया.
अलग-अलग जगहों पर मिले शव
जानकारी के मुताबिक़ यह पूरा मामला धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव का है. गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे दो अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध बोरे पड़े दिखाई दिए. बोरों की स्थिति देखकर ग्रामीणों को शक हुआ. जब उन्होंने पास जाकर देखा तो बोरों के अंदर युवकों के शव मिले. बताया जा रहा कि एक शव डेढ़गांवा मोड़ के पास मिला, जबकि दूसरा शव उससे करीब 200 मीटर की दूरी पर पड़ा था. दोनों शव मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
दो शव मिलने की सूचना पर धीना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों शवों को बोरों से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद घटनास्थल के आसपास जांच की गई और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई. जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
दूसरी जगह हत्या की आशंका
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि दोनों युवकों की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई. इसके बाद उनके शवों को बोरों में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया, जिससे किसी को शक न हो. शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंके जाने और बोरों में बंद होने के कारण पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है. हालांकि, अभी तक हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल हत्या की आशंका पर मामले की जांच की जा रही है.
मृतकों की बहुत नहीं हो पायी पहचान
SP आकाश पटेल ने बताया कि पुलिस मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. इसके लिए आसपास के थानों और दूसरे जिलों में भी जानकारी भेजी गई है. साथ ही, हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है, जिससे दोनों युवकों के बारे में कोई सुराग मिल सके. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
