Ravi Uppal arrested Dubai: सौरभ चंद्राकर के बाद महादेव बेटिंग ऐप का सह-संस्थापक रवि उप्पल भी दुबई में गिरफ्तार हो गया है. ED और CBI अब उसे भारत लाने की तैयारी में जुट गई हैं.

Ravi Uppal arrested Dubai: महादेव बेटिंग ऐप केस में भारतीय जांच एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के बाद अब ऐप का सह-संस्थापक रवि उप्पल भी दुबई में पकड़ा गया है. विदेश में यह भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. हालांकि, यूएई सरकार की तरफ से अभी तक भारत को आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. लेकिन भारतीय एजेंसियों को अनौपचारिक सूत्रों से उसकी गिरफ्तारी की खबर मिल चुकी है.
कौन है महादेव बेटिंग ऐप का रवि उप्पल?
भारतीय जांच एजेंसियां ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) अब रवि उप्पल को जल्द से जल्द भारत लाने की तैयारी में जुट गई हैं. रवि उप्पल महादेव बेटिंग ऐप का सह-मालिक है. उस पर आरोप है कि वह सैकड़ों करोड़ रुपये के हवाला कारोबार को अकेले संभालता था. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बड़े नेताओं, अफसरों और पुलिस अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखने की मुख्य जिम्मेदारी भी उसी के पास थी.
वानुअतु देश के पासपोर्ट से छिपा था आरोपी
ईडी की जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर ने वानुअतु देश का पासपोर्ट भी हासिल कर रखा था. अक्टूबर 2023 में रवि उप्पल के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. इससे पहले दिसंबर 2023 में भी उसे दुबई में हिरासत में लिया गया था. लेकिन तब कानूनी पेचीदगियों के कारण 45 दिनों के बाद उसे छोड़ दिया गया था. अब दोबारा उसकी अरेस्टिंग से एजेंसियों को बड़ी राहत मिली है.
काले धन और हवाला के नेटवर्क का खुलेगा सच
अब ईडी रवि उप्पल को रिमांड पर लेकर सख्त पूछताछ करने की योजना बना रही है. जांच एजेंसी सट्टेबाजी से जुटाए गए पैसे का सही हिसाब-किताब लगाना चाहती है. साथ ही इस अवैध कमाई से किन-किन बड़े लोगों को फायदा पहुँचाया गया, इसका सच भी सामने लाया जाएगा. इस मामले का एक और मुख्य आरोपी विकास छपरिया भी दुबई में मौजूद है. उसे भी जल्द से जल्द भारत लाने की कोशिशें तेजी से की जा रही हैं.
क्या है अरबों का महादेव बेटिंग ऐप घोटाला?
महादेव बेटिंग ऐप का यह पूरा मामला करीब 5 से 6 हजार करोड़ रुपये के अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले से जुड़ा हुआ है. इसमें ऐप के जरिए क्रिकेट, कार्ड गेम और ऑनलाइन गेमिंग पर अवैध रूप से दांव लगवाए जाते थे. छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने इसकी शुरुआत की थी. भारतीय पुलिस और एजेंसियों से बचने के लिए इन दोनों ने अपना पूरा नेटवर्क दुबई से चलाना शुरू कर दिया था.
फर्जी बैंक खातों से दुबई भेजा जाता था पैसा
जांच एजेंसियों के अनुसार, सट्टेबाजी से जुटाया गया काला धन फर्जी और बेनामी बैंक खातों में जमा कराया जाता था. फिर इसे हवाला के जरिए दुबई भेजा जाता था. बाद में यही पैसा विदेशी निवेश के नाम पर वापस भारत लाया जाता था. फिर इसे रियल एस्टेट, शेयर बाजार और क्रिप्टो करेंसी में खपा दिया जाता था. इस पूरे काले धंधे को बिना रुकावट चलाने के लिए नेताओं और पुलिस अफसरों को मोटी घूस देने के भी बड़े आरोप हैं.
