इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर अब कांग्रेस ने BJP सरकार को घेरा है. एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार का भद्दा, क्रूर और पूरी तरह से असंवेदनशील चेहरा इंदौर की इस घटना के बाद में सामने आ गया है.
भाजपा के कारण गई लोगों की जान
पवन खेड़ा का कहना है कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण 6 महीने के बच्चे के साथ 18 निर्दोष लोगों की जान गई है. पवन खेड़ा ने कहा कि इससे 40 हजार से ज्यादा लोगों पर प्रभाव पड़ा है, जो इस समय ICU में मौत से लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंदौर ऐसा शहर है जिसने केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण सर्वे 8वीं बार लगातार सबसे ज्यादा स्वच्छ शहर होने का खिताब हासिल किया है. पवन खेड़ा का कहना है कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास का नारा लगाती है, लेकिन अपने बुनियादी कामों में फेल हो गई है. उन्होंने कहा कि साफ पानी उपलब्ध कराने की जगह पर भाजपा सरकार ने अहंकार दिखाया है.
बीजेपी के नेता कर रहे अपमान- पवन खेड़ा
कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों का अपमान करते हुए इस मामले में कहा कि फालतू के सवाल मत पूछो. उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने इस तरह का बयान तब दिया, जिस समय पर दुखी परिवार इनके वादे के मुताबिक मुआवजे का इंतजार कर रहे थे.
सुप्रीम कोर्ट लेवल पर हो जांच
खेड़ा का कहना है कि पीड़ितों को 2 लाख रुपए की पेशकश इंसान की जिंदगी का मजाक उड़ा रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लापरवाह अहंकार के कारण परिवार को पूरी जिंदगी के लिए दुख झेलना पड़ रहा है. इस मामले पर खेड़ा ने कहा कि हम मांग करते हैं, कि इस लापरवाही की जांच की जाए और पीएम के कार्यालय से आदेश दिया जाए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जवाबदेही के लिए सुप्रीम कोर्ट स्वतंत्र जांच कराए.
भाजपा की लापरवाही के कारण गई बच्चों की जान- पवन खेड़ा
पवन खेड़ा ने कहा कि यह त्रासदी दिखाती है कि कई सालों से सिस्टम खराब हो रखा है. उन्होंने कहा है कि जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसे कार्यक्रमों के बाद भी भाजपा सरकार लोगों को पीने का पानी देने में भी फेल रही है. पवन खेड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी को घेरते हुए कहा कि जब सरकार ने अपनी आंखें मूंद रखी थीं, तो पीने का पानी शहर के सीवेज से दूर कैसे नहीं हो पाया.
खेड़ा ने कहा कि लोगों की कई बार चेतावनियों के बाद भी उन्हें नजरअंदाज किया गया है, जिसके कारण आज हजारों लोगों की जिंदगी मुसीबत में पड़ गई है. खेड़ा ने कहा कि भाजपा की लापरवाही के कारण ये सभी मौतें हुई हैं. उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में बच्चे मर रहे हैं, तब भी मुख्यमंत्री और बड़े नेता अपनी चुप्पी को सही ठहरा रहे हैं.
