राजाधानी दिल्ली में बीते दिनों तुर्कमान गेट इलाके में अवैध निर्माण को हटाने को लेकर भारी विवाद हो गया. वहां मौजूद भीड़ ने पुलिसकर्मियों के ऊपर पत्थरबाजी कर दी, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल भी हुए थे. इस मामले में पुलिस लगातार एक्शन ले रही है. इस मामले में पुलिस ने बीते दिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया था. उन्हें कोर्ट ने 1 दिन के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी भेज दिया है. पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को और भी गिरफ्तार किया है. इन सभी लोगों का पुलिस पर हुई पत्थरबाजी में बड़ा रोल बताया जा रहा है.
पुलिस लगातार कर रही जांच
दिल्ली पुलिस लगातार तुर्कमान गेट विवाद में एक्शन लेकर लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार रही है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. ऐसा माना जा रहा है कि इन सभी लोगों का पत्थरबाजी में बड़ा रोल है. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के नाम पर एक लिस्ट तैयार की गई है. इस लिस्ट में 10 लोगों के नाम हैं. इस लिस्ट में एक सलमान नाम के व्यक्ति का नाम है. जिसके ऊपर लोगों को भड़काने का आरोप है. इन लोगों के साथ में पुलिस ने ऐमन रिजवी नाम की महिला को भी पूछताछ के लिए बुलाया है. ऐसा कहा जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर एक ऐमन रिजवी नाम से अकाउंट है, जिससे सोशल मीडिया पर फेज ए इलाही मस्जिद पर गलत जानकारी फैलाई गई है.
लिस्ट में नाम वाले लोगों के अच्छे फॉलोवर्स
ऐमन रिजवी नाम की इस महिला पर आरोप है कि इसने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट किए थे. यह महिला जामिया की रहना वाली बताई जा रही है. पुलिस ने अभी तक 10 लोगों के नाम की लिस्ट बनाई है, पुलिस का कहना है कि इन सभी ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट किए थे. इन सभी लोगों को पुलिस ने समन कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है. जिन लोगों का नाम पुलिस की लिस्ट में है उन सभी के सोशल मीडिया पर अच्छे फॉलोवर्स हैं.
130 से ज्यादा मौलवियों के साथ हुई थी मीटिंग
इस मामले को लेकर DCP सेंट्रल निधिल वाल्सन का कहना है कि हमने पहले ही सभी लोगों से मीटिंग की थी और उस मीटिंग में बताया गया था, कि मस्जिद नहीं बल्कि उसके आस-पास के अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा और इस मामले का मस्जिद से कोई लेना-देना नहीं है. DCP सेंट्रल ने बताया की 120 से 130 से ज्यादा मौलवियों के साथ में मीटिंग की गई थी. जिसमें उन लोगों से कहा गया था कि अगर आप इस आदेश से संतुष्ट नहीं है, तो इस मामले में अपील कर सकते हैं.
घटना में घायल पुलिसकर्मी अब सही
DCP सेंट्रल निधिल वाल्सन ने कहा है कि घटना के दिन या उससे पहले किसी भी तरह का कोई ग्रुप नहीं बना था, लेकिन अब कई धार्मिक ग्रुप बने हैं. इ सभी के ऊपर हमारी टीम लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने कहा है कि जिन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा. DCP सेंट्रल का कहना है कि इस घटना में घायल हुए पुलिसकर्मी अब सही हैं.
