उत्तराखंड का अंकिता भंडारी हत्याकांड देश में एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. अब अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी का एक भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में वे अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करती हुई दिख रही हैं. अंकिता की मां ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि माता पिता के लिए उनके बच्चों से बढ़कर कोई चीज नहीं होती है.
बेटी ने देखे थे संघर्ष भरे दिन- अंकिता की मां
अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा कि उनकी बेटी ने बचपन से ही कई कठिनाइयों और गरीबी का सामना किया था, उन्होंने कहा कि परिवार के होते भी उसके काफी संघर्ष भरे दिन देखे थे और अपनी जिंदगी में बहुत कुछ झेला था. सोनी देवी ने कहा कि उनकी बेटी काफी ज्यादा मेहनती थी और खुद के दम पर कुछ अच्छा करके आगे बढ़ना चाहती थी. मीडिया से बीतचीत के दौरान सोनी देवी ने कहा कि जब उसके अच्छे दिन आने वाले थे, तभी उसके साथ कुछ ऐसा हो गया, जो पूरे देश ने देखा था.
बेटी को न्याय दिलाने में जान भी चली जाए तो कोई अफसोस नहीं
मीडिया से बातचीत करते हुए सोनी देवी ने कहा कि उनकी बेटी की मौत सिर्फ उनके परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए नुकसान है. उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि एक सामान्य परिवार की बेटी को न्याय के लिए इतनी लंबी लड़ाई क्यों लड़नी होती है. उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि अगर अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई में उनकी जान भी चली जाए तो किसी भी तरह का अफसोस नहीं होगा. उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को इंसाफ जरूर मिलना चाहिए.
उत्तराखंड सीएम से की थी मुलाकात

बुधवार रात को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उन्होंने सरकारी आवास पर मुलाकात भी की थी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने इस मामले की जांच को सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज के नेतृत्व में CBI से कराने की मांग भी रखी थी. अंकिता के परिवार का कहना है कि अगर इस मामले की पूरी तरह से स्वतंत्र तरह से निष्पक्ष जांच होगी, तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी.
अंकिता की मां ने की मीडिया से बातचीत
आज अंकिता की माता ने देहरादून में मीडिया से बातचीत की, इसी दौरान का उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद में अंकिता भंडारी हत्याकांड ने फिर से तेजी पकड़ ली है. अंकिता के परिवार को उम्मीद है कि उनकी बेटी को न्याय जरूर मिलेगा और इस मामले में जो लोग भी दोषी हैं, उन्हें कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी. अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए वे अपनी जान भी दे देंगी.
यह भी पढ़ें- माता-पिता से मिलकर दी न्याय की गारंटी, अंकिता भंडारी मामले में CM धामी ने लिया बड़ा फैसला
