Ankita Bhandari case: मुख्यमंत्री धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष और तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया और कहा कि कोई भी दोषी नहीं बचेगा.

Ankita Bhandari case: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कल ही अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वो जल्द ही अंकिता के माता-पिता से मिलेंगे, और आज ही उन्होंने अपने सरकारी आवास पर अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की है. इस दौरान उन्होंने माता-पिता की तरफ से रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार निष्पक्ष और तुरंत कार्रवाई करेगी. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और अंकिता को न्याय दिलाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया
धामी ने कहा कि अंकिता हत्या मामले में सरकार हर प्रकार की जांच कराने को तैयार है. उन्होंने माता-पिता से खुद बातचीत करने और उनकी भावनाओं के अनुरूप कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो के कारण प्रदेश में पैदा हुए माहौल से सबसे अधिक प्रभावित अंकिता का परिवार हुआ है. इस ऑडियो की सत्यता जानने के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है और सबूत मिलने पर कोई दोषी नहीं बचेगा.
मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि इस अपराध की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए महिला आईपीएस रेणुका देवी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई थी. इस टीम ने मामले के सभी पहलुओं की पूरी जांच की और लोगों से साक्ष्य भी मांगे हैं. सरकार ने न्यायालय में मामले की प्रभावी पैरवी की, और इसके परिणामस्वरूप तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है.
वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच

धामी ने कहा कि वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है. ऑडियो में कुछ नाम लिए गए हैं और इसमें यह कहा गया कि अंकिता की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की है. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि इस मामले में राजनीति करना अनुचित है और विपक्ष को सलाह दी कि वह अंकिता को राजनीति का हथियार न बनाए. वहीं, सुरेश राठौर की तलाश जारी है और उनके मोबाइल लोकेशन समेत अन्य जानकारी जुटाई जा रही है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस मामले में अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की भावनाओं, पीड़ा और अपेक्षाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा और जांच में जो भी दोषी सामने आएगा, वह सजा से बच नहीं पाएगा.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
