Delhi stone-pelting controversy: दिल्ली में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई पत्थरबाजी को लेकर बीजेपी ने सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर मौके पर मौजूद रहकर उपद्रवियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस ने घटना में पांच लोगों को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच जारी है.

Delhi stone-pelting controversy: दिल्ली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुई पत्थरबाजी को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के रामपुर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी का कहना है कि पत्थरबाजी की घटना के वक्त सांसद मौके पर मौजूद थे और उन्होंने उपद्रवियों का समर्थन किया, इस बयान के बाद मामला राजनीतिक बहस का रूप ले चुका है.
वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं सांसद
प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि बुधवार रात करीब एक बजे रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी दिल्ली पहुंचे थे. उनके मुताबिक सांसद नई दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास उस समय मौजूद थे, जब नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी और इसी दौरान पत्थरबाजी हुई है. भंडारी ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सांसद ने करीब 200 किलोमीटर का सफर तय किया है.
बीजेपी प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं है, बल्कि ऐसा ही पैटर्न पहले भी देखने को मिला है. उन्होंने संभल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी समाजवादी पार्टी पर पत्थरबाजों का समर्थन करने के आरोप लगे थे. भंडारी के मुताबिक, विपक्षी दल बार-बार ऐसे मामलों में एक जैसी भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं.
पांच लोगों को किया गिरफ्तार

दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब दिल्ली नगर निगम अदालत के आदेश पर मस्जिद से सटी जमीन और पास के कब्रिस्तान के आसपास अतिक्रमण हटाने का काम कर रहा था। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकीं, जिससे कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए.
पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
