Bangladesh Violence: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में संभावित वापसी से पहले प्रतिबंधित अवामी लीग ने पहली बार पूरे बांग्लादेश में लॉकडाउन लगा दिया है. 19 नवंबर को देशभर में आगजनी, बम धमाकों और हिंसा के बीच चार लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद बीएनपी सरकार ने सात जिलों में 3,000 सुरक्षा बल तैनात किए हैं और सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा है.

Bangladesh Violence: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है, पड़ोसी देश के हालात तेजी से बिगड़ने लगे हैं. प्रतिबंध झेल रही शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने पहली बार अपने दम पर पूरे बांग्लादेश में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया. 19 नवंबर को इसके असर से देश के ज्यादातर हिस्से पूरी तरह बंद रहे. मौजूदा बीएनपी सरकार ने हिंसा को काबू में करने के लिए 7 संवेदनशील जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 96 प्लाटून यानी करीब 3,000 जवानों को तैनात किया है. इसके बावजूद ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह और फरीदपुर जैसे इलाकों में जमकर उपद्रव और आगजनी हुई. हालात की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने देश के सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा है.
गोपालगंज में पुलिस थाने और सांसदों के घर फूंके
हिंसा का सबसे भयानक रूप शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में देखने को मिला. यहां प्रतिबंधित अवामी लीग, जुबो लीग और छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने हथियारों के साथ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. उपद्रवियों ने काशियानी में सांसद सेलिमुज्जमान मोल्ला और उनके रिश्तेदारों के घरों में आग लगा दी. तुंगीपाड़ा थाने को जलाने के दो दिन बाद प्रदर्शनकारियों ने काशियानी पुलिस स्टेशन को भी आग के हवाले कर दिया और बाहर खड़ी 10 गाड़ियां फूंक दीं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय थाने में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था. पिछले दो दिनों में बीएनपी के दो अन्य सांसदों के घरों पर भी हमले हुए हैं, जबकि नरेल, फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में कुल चार लोगों की जान जा चुकी है.
ढाका में बम धमाके और यूनुस के घर में आगजनी
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजधानी ढाका में भी भोर होने से पहले कई कच्चे बमों के धमाके हुए, जिनमें कम से कम चार लोग घायल हो गए. अगरगांव इलाके में मेट्रो रेल स्टेशन के नीचे अज्ञात लोगों ने एक देसी बम फोड़ा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. दूसरी तरफ, चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग के हवाले कर दिया गया. ढाका में बीएनपी से जुड़े माने जाने वाले विरोधियों ने भी रात भर में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला कर आग लगा दी. इस बवाल के बीच नारायणगंज, मैमनसिंह और राजशाही में खड़ी पांच बसों और एक ट्रक को भी फूंक दिया गया.
वेतन के लिए मजदूरों का प्रदर्शन और यातायात ठप
राजनीतिक हिंसा के साथ-साथ ढाका के आसपास के औद्योगिक इलाकों में गारमेंट फैक्ट्री के मजदूर भी सड़कों पर उतर आए. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मजदूरों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. एक तरफ मजदूरों के प्रदर्शन और दूसरी तरफ अवामी लीग के लॉकडाउन के कारण राजधानी ढाका का दक्षिण-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया. सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और जरूरी सेवाओं की आवाजाही पर भी बुरा असर पड़ा.
मौत की सजा की बरसी और 565 लोगों की गिरफ्तारी
अवामी लीग ने यह लॉकडाउन ऐसे मौके पर बुलाया है, जब पिछले साल एक विशेष ट्रिब्यूनल द्वारा शेख हसीना को सुनाई गई सजा की बरसी है. उस फैसले में हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी मानते हुए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी. 79 वर्षीय हसीना 5 अगस्त 2024 को हुए छात्र विद्रोह के बाद से भारत में रह रही हैं और उन्होंने दिसंबर 2026 में हर हाल में बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है. इस बवाल से पहले ही पुलिस ने ढाका में 24 घंटे का अभियान चलाकर 565 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं.
पीएम तारिक रहमान की लोकतांत्रिक ताकतों से अपील
देश में बिगड़ते हालातों के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग की वापसी रोकने के लिए सभी लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की है. उन्होंने अवामी लीग को एक आतंकवादी संगठन और सत्ता से बाहर की गई फासीवादी ताकत बताया. मंगलवार रात संसद को संबोधित करते हुए रहमान ने कहा कि देश को 2024 की उसी भावना के साथ फिर से खड़ा होना होगा, जब निरंकुश ताकतों को बाहर खदेड़ा गया था. उन्होंने साफ किया कि इन ताकतों को निर्णायक रूप से हराना बेहद जरूरी है.
