कानपुर में पान मसाला कारोबारी की फर्म पर SGST की टीम ने छापा मारा. इस दौरान जांच में स्टॉक और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आयीं. इसके बाद कारोबारी ने मौके पर ही 1.25 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करा दिया. अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है.
कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां टैक्स चोरी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ राज्य कर विभाग (SGST) ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में गुरुवार को टीम ने कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र स्थित कारवालो नगर में पान मसाला और तंबाकू का कारोबार करने वाली एक फर्म पर छापा मारा. जांच के दौरान फर्म के स्टॉक और कारोबारी दस्तावेजों में अंतर मिला. हालांकि इसके बाद कारोबारी ने मौके पर ही 1.25 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करा दिया.
SGST की टीम ने की थी छापेमारी
जानकारी के मुताबिक राज्य कर विभाग की यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई. अभियान का नेतृत्व अपर आयुक्त ग्रेड-2 (एसआईबी), जोन प्रथम प्रशांत कुमार और संयुक्त आयुक्त ज्ञान प्रकाश सिंह ने किया. बताया जा रहा है कि टीम फर्म के खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और गोदाम में रखे सामान की जांच करने पहुंची थी. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्टॉक का मिलान फर्म के रिकॉर्ड से किया.
रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
अधिकारियों को जांच के दौरान फर्म के रिकॉर्ड में दर्ज सामान और मौके पर मौजूद स्टॉक की मात्रा में अंतर मिला. इसके अलावा खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच में भी कई अनियमितताएं सामने आईं. शुरुआती जांच में पता चला कि फर्म की ओर से कारोबार का पूरा हिसाब-किताब नियमों के मुताबिक दर्ज नहीं किया जा रहा था.
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान करने के साथ वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच की. इस दौरान टैक्स देनदारी को लेकर कई सवाल सामने आए. विभाग ने फर्म के कारोबार से जुड़ी जरूरी जानकारी जुटाई.
मौके पर जमा किए 1.25 करोड़
आपको बता दें कि जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद फर्म संचालक ने अपनी टैक्स देनदारी स्वीकार की. इसके बाद DRC-03 के माध्यम से 1.25 करोड़ रुपए जमा कराए गए. हालांकि खास बात यह रही कि यह रकम विभाग की कार्रवाई के दौरान ही जमा की गई. अधिकारियों ने फर्म के वित्तीय और व्यापारिक रिकॉर्ड भी जुटाए हैं, जिससे पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा सके.
