गाजियाबाद में एक पत्नी ने 2 करोड़ रुपए के इंश्योरेंस की रकम पाने के लालच में आकर पति को धीमा जहर दे दिया. पत्नी ने बीम की रकम हासिल करने के लिए पति को जान से मारने की कोशिश की. आरोप है कि पत्नी ने पति के साथ बेटे और भांजे को भी निशाना बनाया.
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक हैरान करने घटना हुई है. यहां एक पत्नी पर अपने ही पति को धीमा जहर देकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है. आरोप है कि महिला ने दो करोड़ रुपए के इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लालच में इस साजिश को अंजाम दिया. साथ ही बेटे और भांजे को भी जहर देने का आरोप है. पुलिस ने मामले में फरार चल रही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 42 वर्षीय रेनू भटनागर के रूप में हुई है.
जांच में हुई लीड पॉइजनिंग की पुष्टि
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर उन्हें, उनके बेटे और भांजे को धीमा जहर देने का आरोप लगाया था. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी. जब उन्होंने डॉक्टरों से इलाज कराया और जांच कराई तो शरीर में लीड पॉइजनिंग यानी सीसे के जहर की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें शक हुआ कि किसी ने जानबूझकर उन्हें जहर दिया है.
पति के नाम 2 करोड़ का बीमा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी. पुलिस ने 23 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया. वह दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी की रहने वाली है. पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके पति की करीब 5 से 6 करोड़ रुपए की ट्रैवल एजेंसी है. इसके अलावा पति के नाम पर दो करोड़ रुपए का लाइफ इंश्योरेंस भी है. इस पॉलिसी में रेनू खुद नॉमिनी थी.
पति के साथ बेटे और भांजे पर भी निशाना
रेनू ने बताया कि उसे लगता था कि पति की मौत के बाद इंश्योरेंस की रकम और बाकी संपत्ति उसकी हो जाएगी. इसी लालच में उसने पति को धीमा जहर देने की योजना बनाई. आरोप है कि इस साजिश में उसने पति के साथ बेटे और भांजे को भी निशाना बनाया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
