भारत से बड़ी मात्रा में बांग्लादेश चावल खरीदता है. भारत से चावल खरीदने के बाद अब बांग्लादेश डीजल भी खरीदने वाला है. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत के साथ एक समझौता किया है. मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) से एक समझौता किया है.
भारत से डीजल खरीदेगा बांग्लादेश
बांग्लादेश की यूनुस सरकार ने नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) से एक बड़ा सौदा किया है. बांग्लादेश जनवरी से दिसंबर के बीच में भारत से 180000 टन डीजल की खरीद करेगा. इसके लिए बांग्लादेश ने ऑयल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी के साथ में 14.62 करोड़ टका का समझौता किया है. इस आयात में बांग्लादेश की सरकारी कंपनी BPC बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन एक बड़ा हिस्सा कैरी करेगी.
बांग्लादेश सचिवालय में हुई बैठक
बांग्लादेश ने इससे पहले भारत से चावल खरीद के लिए ऐलान किया था. इस डीजल आयात का एक बड़ा हिस्सा बांग्लादेश की सरकारी कंपनी कैरी करेगी, तो वहीं बचा हुआ पैसा बैंक से लिया जाएगा. इस खरीद के लिए सलाहकार समिति ने मंगलवार को एक बैठक की थी. यह बैठक सचिवालय में वित्त सलाहकार सालेहुद्दीन अहमद की अध्यक्षता में हुई थी. इसी बैठक में भारत के साथ इस डीजल खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी.
83.22 डॉलर प्रति बैरल डीजल
भारत से डीजल खरीदने के लिए बांग्लादेश की सरकार ने मंजूरी दे दी है. बांग्लादेश की मीडिया के मुताबिक डीजल की खरीद की कीमत नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड के साथ बातचीत करके तय हुई है. सचिवालय में हुई बैठक के बाद में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने बताया कि भारत से जितना डीजल खरीदना है, उसकी लागत लगभग 119.133216 मिलियन अमेरिकी डॉलर है. भारत के साथ में बांग्लादेश की इस डील में एक बैरल डीजल की कीमत का बेस प्राइज 83.22 डॉलर रखा गया है.
भारत कैसे देगा बांग्लादेश को डीजल?
भारत की जो रिफाइनरी बांग्लादेश को डीजल निर्यात करेगी वह असम में मौजूद है. नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रिफाइनरी के मार्केटिंग टर्मिनल तक डीजल को लेकर जाया जाएगा. इस टर्मिनल तक डीजल के पहुंचने के बाद में इसे बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के परबतीपुर डिपो में भेजा जाएगा. इस पूरी डील में लागत को कम करने के लिए और ईंधन ट्रांसपोर्ट को बेहद आसान बनाने के लिए दोनों देशों के बीच में बांग्लादेश-इंडिया फ्रेंडशिप पाइपलाइन बनाई गई है. इस पाइपलाइन की मदद से ही भारत डीजल को बांग्लादेश तक भेजेगा.
