गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ऑनलाइन गैमिंग एप के नाम पर ठगी करने वाले ग्रुप का पर्दाफाश किया है. बिसरख थाना पुलिस ने गौर सिटी सेन्टर के पास मौजूद चार मूर्ति चौराहा से 3 पुरुषों और 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है. इन लोगों के पास से बड़ी मात्रा में सामान भी बरामद किया गया है.
ऑनलाइन गैंबलिंग ठगी वाला गिरोह गिरफ्तार
बिसरख थाना पुलिस ने ऑनलाइन गैंबलिंग के नाम पर ठगी करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया है. ये सभी Mazabook Maze se jeeto नाम के एक गेमिंग एप की मदद से लोगों को पैसे जीतने का लालच देते थे. शुरुआत में लोगों के लगाए गए पैसे पर उन्हें जितवा देते थे, और जैसे ही वे लोग ज्यादा पैसा लगाते थे, फिर ये लोग उनका पैसा डुबाना शुरू कर देते थे.
कैसे करते थे ठगी?
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे इस ऐप से लोगों को क्रिकेट, कैसीनो, एवियेटर, रोलेट, हरालाल जैसे गेमों के खिलवाते हैं और उनसे पैसे लगवाते हैं. जब लोग इनके ऐप में पैसे लगाते हैं, तो शुरुआत में ये सभी उन्हें कुछ पैसे जितवा देते हैं, जिसके चलते उनका लालच बढ़ जाता है और वे ज्यादा पैसा लगाते हैं. जिसके बाद में उनके पैसे डूबना शुरू हो जाते हैं. पहले ये लोग उन लोगों का डेटा निकालते हैं, जिन्होंने कभी ऑनलाइन गेम खेला होता है. जिसके बाद में ये लोग उन्हें कॉल करते हैं और ज्यादा पैसे जीतने का लालच देते हैं.
पूरा कंट्रोल इन्हीं के पास
शुरूआत में जब ये आरोपी लोगों को कॉल करते हैं, तो उन्हें मनाने के लिए बोनस का लालच देते हैं और उन्हें 1,500 रुपए तक फ्री में गेम खेलने के लिए देते हैं. इसके बाद जब कोई गेम खेलना शुरू कर देता है, फिर ये लोग शुरुआती समय में उसे पैसा जितवाते हैं, जिससे वो पैसा लगाने के लिए तैयार हो जाता है. जब व्यक्ति पैसा लगाने के लिए तैयार हो जाता है, तो उससे 500 रुपए रजिस्ट्रेशन के लिए मांगे जाते हैं. इसके बाद भी ये लोग ग्राहकों के लगाए गए पैसों से उसे शुरुआत में कुछ पैसे जितवाते हैं, जिससे उसका लालच बढ़ जाता है और वह ज्यादा पैसे लगाता है. जिसके बाद ये सभी लोग उसे पैसा हरवाना शुरू कर देते हैं. गेम में कौन जीतेगा और कौन हारेगा, इन सभी चीजों का कंट्रोल इन्हीं आरोपियों के पास होता है.
पुलिस ने कई लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस पूरी गैंग का पर्दाफाश करते हुए 3 पुरुषों और 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है. इन लोगों में पुलिस ने गर्व, अजय सिंह, सोनल उर्फ अनिरुद्ध को गिरफ्तार किया है. इनके साथ थी पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई महिलाओं में रुची, कोमल, सुषमा, तनीषा और तानिया सिंह नाम की आरोपी शामिल हैं. इन सभी लोगों के पास के पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है.
बड़ी संख्या में बरामदगी
पुलिस ने इस मामले में धारा 318(4)/319(1)/338/336(3)/340(2) बीएनएस और 13 जुआ अधिनियम व 66(सी)/66(डी) आई0टी एक्ट जैसी धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस ने इन सभी के पास से 18 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 155 फर्जी सिम, 2 कम्प्यूटर मॉनीटर, 50 QR कोड, 4 Wifi माडम, 10 पेज की डेटाशीट, 10 कॉलिंग हेडफोन और 45 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं.
यह भी पढ़ें- गौतमबुद्ध नगर की कई रजिस्ट्रियों पर आयकर विभाग की नजर, एक हजार से ज्यादा संपत्तियों की हो रही जांच
