Agra Taj Mahal: ताजमहल दुनिया के 7 अजूबों में शामिल है, जिसे देखने हर साल लाखों लोग आगरा आते हैं. शाहजहां की डेथ एनिवर्सरी पर यहां तीन दिन का उर्स मनाया जाता है. इस बार उर्स की शुरुआत गुरुवार दोपहर 2 बजे से हो गई है. इस बाबत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने आदेश जारी किया है. जिसमें गुरुवार और शुक्रवार को दोपहर दो बजे से ताजमहल में पर्यटकों की फ्री एंटी और शनिवार को दिनभर फ्री एंट्री रखने का आदेश है.
जानिए क्यों तीन दिन फ्री एंट्री?
दरअसल बात ये हैं कि हिजरी कैलेंडर के रजब माह में हर साल 25, 26 और 27 तारीख को मुगल बादशाह शहंशाह शाहजहां का उर्स मनाया जाता है. इस साल रजब माह में ये तारीख 15, 16 और 17 जनवरी को है. इसी साल शहंशाह शाहजहां का 371 वां उर्स है. जिसका शुभारंभ 15 जनवरी की दोपहर से हो गया. इसलिए उर्स (पुण्यतिथि)के पहले दिन गुरुवार दोपहर दो बजे से ताजमहल में जायरीन और पर्यटकों की फ्री एंट्री रहेगी.
देख सकेंगे असली कब्र
हर साल इसे बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता हैं. इस साल भी मुख्य मकबरे के तहखाने में स्थित मुगल बादशाह शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों पर गुरुवार को उर्स के पहले दिन गुस्ल की रस्म अदा की गई. उर्स में तीन दिनों तक बादशाह शाहजहां और मुमताज की कब्र पर अलग अलग रस्में निभाई जाएंगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार और दूसरे दिन शुक्रवार को दोपहर दो बजे से जायरीन और पर्यटकों की फ्री एंट्री रहेगी. शुक्रवार की साप्ताहिक बंदी में भी ताजमहल उर्स के चलते खुलेगा. उर्स के तीसरे दिन ताजमहल में पर्यटक और जायरीनों की सुबह सूर्योदय से सूर्यास्त तक फ्री एंट्री रहेगी.
जानें क्या है पूरा शेड्यूल?
गुरुवार को उर्स के पहले दिन गुस्ल की रस्म अदा की गई. 16 जनवरी को दोपहर दो बजे शाहजहां और मुमताज की क्रबों पर संदल चढ़ाया जाएगा. ताजमहल में सूर्यास्त तक कव्वाली का आयोजन होगा. 17 जनवरी की सुबह कुल शरीफ के बाद कुरानख्वानी, फातिहा पढ़ा जाएगा.
सुरक्षा भी पुख्ता
बता दें कि ताजमहल पर एंट्री फ्री होने से भीड़ बढ़ रही है. उर्स को लेकर यलो जोन में ताज के पश्चिमी गेट और पूर्वी गेट बैरियर पर फोर्स की तैनाती की गई है. ताज सुरक्षा पुलिस के साथ ही पीएसी तैनात की गई है. यमुना के किनारे भी पुलिस-पीएसी तैनात की गई है. ताजमहल में आने वाले हर पर्यटक पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है.
ताजमहल जानें वालों के लिए यह खास सूचना हैं ताजमहल में प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची टिकट विंडो, एंट्री गेट पर लिखी हुई है. उर्स में भी जायरीन और पर्यटक अपने साथ कोई भी प्रतिबंधित वस्तुएं नहीं ले जा सकेंगे. जो लिस्ट प्रतिबंधित हैं वो ये हैं…सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, तंबाकू, पान मसाला, किसी भी प्रकार का झंडा, बैनर, पोस्टर, किताब, 36 इंच से बड़ा ढोल, बैंड-बाजा, पेचकस, लाइटर, चाकू समेत कई अन्य सामान शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: रनवे पर कांपा एयर इंडिया का प्लेन! दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, बैगेज कंटेनर फंसने से विमान का इंजन हुआ खराब
