BJP national president election 2026: भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव 19 और 20 जनवरी 2026 को होगा, जिसमें नामांकन और मतदान की प्रक्रिया पूरी पारदर्शी तरीके से पूरी होगी. नया अध्यक्ष पार्टी के संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव रणनीति तय करने में जरूरी भूमिका निभाएगा.

BJP national president election 2026: भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख और प्रक्रिया का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है. नामांकन 19 जनवरी 2026 को होंगे और अगले दिन यानी 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी. यह चुनाव पार्टी के संगठन को मजबूत करने और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
नामांकन प्रक्रिया 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक होगी. इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. इसके बाद शाम 5 से 6 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं. उसी दिन शाम 6:30 बजे राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी प्रेस वक्तव्य जारी करेंगे और प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी देंगे.
अगर अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं और नाम वापस नहीं लेते हैं, तो 20 जनवरी को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान होगा. लेकिन यदि केवल एक उम्मीदवार है, तो उसी दिन उनका नाम सर्वसम्मति से घोषित कर दिया जाएगा. इस तरह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय होगा.
राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पार्टी की आगामी लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों की रणनीति तय करता है. वर्तमान में भाजपा देशभर में संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान और बूथ स्तर तक मजबूती पर काम कर रही है. नए अध्यक्ष की भूमिका नीतिगत फैसलों से लेकर संगठन को सक्रिय बनाने तक जरूरी होगी.
पार्टी नेताओं का कहना है कि इस बार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होगी. केंद्रीय कार्यालय में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. नेतृत्व के चयन में संगठनात्मक अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखा जाएगा. 19 और 20 जनवरी को होने वाला यह चुनाव भाजपा के संगठनात्मक भविष्य और अगले कार्यकाल के लिए नए नेतृत्व की दिशा तय करेगा.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
