Snowfall in Uttarakhand: भले ही देर से सही लेकिन पहाडों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है. राज्य के मशहूर पर्यटन स्थल चकराता ने सफेद चांदी जैसी बर्फ की चादर ओढ़ ली है. लंबे इंतजार के बाद हुई इस सीजन की पहली बर्फबारी ने न केवल स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर चमक ला दी है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी यह किसी जादुई अहसास से कम नहीं है.
ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू
मशहूर पर्यटक स्थल चकराता की सभी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो चुकी है. लोखंडी, देवबंद, बुधेर सहित सभी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है. आसमान से गिरती बर्फ़ और चारों ओर बिछी बर्फ की सफ़ेद चादर ने पहाड़ी इलाके की खूबसूरती को और निखार दिया.
ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
जनपद चमोली में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है. बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी और नीति वैली सहित ऊँचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फ गिर रही है. बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरे जनपद में कड़ाके की ठंड इस वक्त पड़ने लगी है
उत्तरकाशी जनपद में मौसम का मिजाज बदला और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गंगोत्री, यमुनोत्री, मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली,मुखवा, हर्षिल ,झाला , धारी कफनोल, सांकरी आदि स्थानों में साल का पहला हिमपात शुरू हो गया है.
लोगों ने उठाया बर्फबारी का लुत्फ
लंबे इंतज़ार के बाद साल 2026 की सीज़न की पहली बर्फबारी हुई है. सुबह-सवेरे शुरू हुई इस बर्फबारी से लोगों के चेहरों पर रौनक लौट आई और बर्फबारी का इंतज़ार कर रहे लोगों की मुराद पूरी हो गई. जिसके बाद लोग कुदरत की इस नेमत का भरपूर लुत्फ उठाते नजर आए
बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के द्वारा बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था. देर रात शुरू हुई बारिश के बाद जब चकराता का पारा तेजी से गिरा, तो सुबह होते-होते ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई. देखते ही देखते चकराता और उसके आसपास के ऊँचे क्षेत्र सफ़ेद चादर से ढक गए. गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के आसपास के इलाकों में बर्फ गिरने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम हुआ सर्द
मसूरी, धनौल्टी और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी और ठंड बढ़ने से मौसम पूरी तरह सर्द हो गया है.मसूरी घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि लाइव बर्फबारी पहली बार देखने को मिली है और हमें यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है.
टिहरी में भी बर्फबारी
टिहरी जिले में भी मौसम के बदलाव का असर देखने को मिला,जहां नई टिहरी,प्रताप नगर,घनसाली में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश हुई. वहीं पर्यटन नगरी धनौल्टी में सीजन की पहली बर्फबारी होने से पर्यटन व्यवसायियों में खुशी है और पर्यटक भी बर्फबारी देखने धनौल्टी का रुख कर रहे हैं
कारोबारियों और किसानों के चेहरे भी खिल उठे
सीज़न की इस पहली बर्फबारी से न सिर्फ़ पर्यटन को रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है, बल्कि होटल कारोबारियों और किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं. देर से ही सही, लेकिन बर्फबारी होने से सेब और अन्य फसलों के लिए इसे बेहद लाभकारी माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में पैरासिटामोल खाने से होता है ऑटिज्म? दावों में कितनी है सच्चाई, एक क्लिक में जानें
