देश में चाइनीज मांझे की बिक्री पर बैन लगा हुआ है, लेकिन इसके बावजूद भी खुले तौर पर चाइनीज डोर बेची जा रही है. देश में लगातार कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें चाइनीज मांझे के कारण लोगों की मौत हुई है.
महिला की चाइनीज मांझे से कटी गर्दन
चाइनीज मांझे के कारण लोगों की मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. पंजाब के लुधियाना में एक बार फिर से चाइनीज मांझे की वजह से एक महिला की मौत हो गई है. लुधियाना में अब तक 2 लोगों की मौत चाइनीज मांझे के कारण हो चुकी है. पहली घटना शनिवार को हुई थी, जब एक किशोर के गले में चाइनीज मांझा फंस गया था और उसकी गर्दन कटने से मौत हो गई थी.
रविवार को हुई पूरी घटना
शनिवार को चाइनीज मांझे से होने वाली घटना लुधियाना के समराला इलाके में हुई थी. उस हादसे को लोग भूल नहीं पाए थे, लेकिन तब तक रविवार को मुल्लापुर दाखा इलाके में एक और घटना हो गई. रविवार को होने वाली घटना में एक महिला की जान चली गई. महिला की पहचान सरबजीत कौर उर्फ जसलीन कौर के रूप में की गई है. महिला अकालगढ़ की रहने वाली थी.
बाजार गई थी महिला
जानकारी के मुताबिक महिला सरबजीत कौर रायकोट रोड पर एक फूड प्वाइंट चलाती थीं. वह घर में होने वाली शादी के लिए बाजार में खरीददारी करने के लिए गई थी. इसी दौरान सड़क पर लटकने वाली एक चाइनीज मांझे की डोर उसके गले में फंस गई. जिसके बाद तुरंत ही महिला का गला बुरी तरह से कट गया और वह तुरंत ही सड़क पर घायल होकर गिर गई.
इलाज के दौरान हुई मौत
जब महिला सड़क पर गिरी तो उसके गले से खून की धार बह रही थी. जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने महिला को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया. जब महिला अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने उसका हालत देखकर उसे तुरंत ही बड़े हॉस्पिटल में रेफर कर दिया. वहीं इलाज के दौरान उस महिला की मौत हो गई. लगातार होने वाली इस तरह की घटनाओं के चलते लोगों में प्रशासन के खिलाफ गुस्सा नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में खतरनाक तेंदुए का आतंक! 10 साल के बच्चे पर किया हमला, सिर को किया धड़ से अलग
