Agra News: 77वें गणतंत्र दिवस पर आगरा के ताजमहल में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने का मामला सामने आया है. अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान गाने का दावा किया है. इसका वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. संगठन के पदाधिकारियों द्वारा तिरंगा लहराने और भारत माता की जय के नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अखिल भारत हिंदू महासभा के इस कदम के बाद ASI और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
अखिल भारत हिंदू महासभा के अनुसार, शहर महामंत्री नंदू कुमार और मंडल महामंत्री नितेश भारद्वाज ने ताजमहल परिसर में तिरंगा फहराया. इस मौके पर शहर अध्यक्ष विशाल कुमार, जिला अध्यक्ष मीरा राठौर और मंडल अध्यक्ष मनीष पंडित भी मौजूद रहे. संगठन का दावा है कि वर्ष 1632 में ताजमहल निर्माण के बाद 2026 में पहली बार मुख्य मकबरे पर तिरंगा फहराया गया था. इस दौरान शहर महामंत्री नंदू कुमार और मंडल महामंत्री नितेश भारद्वाज मौजूद रहे.
ताजमहल की सुरक्षा कड़ी
महासभा के पदाधिकारियों ने इस दौरान ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए अपने पुराने दावे को भी दोहराया. संगठन का कहना है कि यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान से प्रेरित होकर उठाया गया. वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हलचल मच गई है. एएसआई और सीआईएसएफ ने ताजमहल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है.
इससे पहले भी कई विवाद
गौरतलब है कि इससे पहले भी ताजमहल परिसर में नमाज पढ़ने, हनुमान चालीसा पाठ और भगवा झंडा फहराने जैसे मामलों को लेकर विवाद हो चुके हैं. अब गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराने के दावे ने एक बार फिर ताजमहल को सियासी और प्रशासनिक बहस के केंद्र में ला दिया है.
प्रशासन की तरफ से नहीं आया कोई जवाब
फिलहाल ताजमहल में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रीय गान गाए जाने को लेकर चर्चाएं तेज हैं. अभी तक इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
यह भी पढ़ें- सिस्टम की लापरवाही ने ले ली जान! मध्य प्रदेश में जाम हुआ एंबुलेंस का दरवाजा, मरीज ने अंदर तोड़ दिया दम
