उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्कूल से घर वापस लौट रहे टीचर के ऊपर रास्ते में कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया. इस हमला में रोहित नाम के शिक्षक को गंभीर चोटें आईं. मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
टीचर के ऊपर किया हमला
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सहारनपुर के कस्बा गंगोह इलाके में घर वापस लौट रहे एक टीचर के ऊपर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक सभी हमलावर नकाबपोश थे. इस हमले में टीचर काफी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है.
घर जा रहे थे शिक्षक
जानकारी के मुताबिक कोटला मोहल्ला के रहने वाले रोहित उपाध्याय नाम के एक व्यक्ति एक इंटर कॉलेज में पढ़ाते हैं. बताया जा रहा है कि रोहित एक छात्र के साथ में बाइक से अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान कुछ बाइक सवारों ने रोहित को रोका और उनका नाम पूछा, जैसे ही युवक ने अपना नाम बताया तो अचानक से हमलावरों ने उनके ऊपर हमला कर दिया.
16 सेकंड में किए 40 हमले
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने रोहित के सिर के ऊपर लोहे के पंच से लगातार वार किए. जानकारी के मुताबिक लगभग 16 सेकंड में रोहित के ऊपर 40 हमले किए गए. जिसके बाद शिक्षक काफी गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर गए. जिसके बाद में जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी फरार हो गए. इस हमले के बाद में शिक्षक किसी तरह से घर पहुंचा, जिसके बाद उनके परिजनों ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि उनके घर पर एक फंक्शन था और वे प्रिंसिपल से छुट्टी लेकर अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान नर्सिंग होम के पास में 3 बाइक सवार लोगों ने उनको रोककर नाम पूछा और फिर उनके ऊपर हमला करना शुरू कर दिया. उन्होंने बताया कि हमले के बाद में वे घर पहुंचे और अपने भाई को जानकारी दी. जिसके बाद में भाई उन्हें पुलिस के पास ले गया और मामले की शिकायत की. पुलिस ने इस मामले में वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- मथुरा में 300 घरों पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर, स्थानीय लोग कर रहे प्रदर्शन, आखिर क्या है पूरा मामला?
