first woman deputy cm of maharashtra: सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं, लेकिन उन्हें वित्त मंत्रालय नहीं मिला है. उन्हें खेल और अल्पसंख्यक मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है और उनका नेतृत्व एनसीपी और महायुति सरकार को नई दिशा देगा.

first woman deputy cm of maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक दिन रहा, जब सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वे दिवंगत अजित पवार की पत्नी हैं और एनसीपी के अजित पवार गुट की नेता भी हैं. मुंबई के लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे. शपथ ग्रहण का माहौल भावनात्मक था और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने दिवंगत नेता अजित पवार को श्रद्धांजलि दी है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा पवार को विभागों का आवंटन भी किया. उपमुख्यमंत्री बनने के साथ ही उन्होंने आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक एवं औकाफ मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली. हालांकि, उन्हें वित्त मंत्रालय नहीं दिया गया, जो पहले उनके पति अजित पवार के पास था. सूत्रों के अनुसार, यह फैसला पार्टी और गठबंधन के संतुलन को ध्यान में रखते हुए लिया गया.
सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं. इससे पहले वे राज्यसभा की सांसद थीं और शपथ ग्रहण से पहले उन्हें अपना सदस्यता त्यागना पड़ा. उनके उपमुख्यमंत्री बनने का प्रस्ताव एनसीपी के विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से पास हुआ. पार्टी का मानना है कि यह निर्णय संगठन की स्थिरता और अजित पवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है.
एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर शरद पवार ने कहा कि यह अजित पवार की इच्छा थी. उन्होंने बताया कि अजित पवार और उनके कुछ नेताओं ने दोनों गुटों के विलय पर चर्चा शुरू की थी. हालांकि 28 जनवरी 2026 को हुए अजित पवार के विमान हादसे ने इसे रोक दिया. शरद पवार ने कहा कि सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने का निर्णय पार्टी ने लिया, जिसमें प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे जैसे नेता शामिल रहे होंगे.

विशेषज्ञ मानते हैं कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एनसीपी को नई दिशा मिलेगी और महायुति सरकार को मजबूती मिलेगी. आबकारी और खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी उनके हाथ में आने से संबंधित विभागों में कामकाज सुचारू रूप से चलेगा. अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सुनेत्रा पवार अपने उपमुख्यमंत्री पद पर किस तरह काम करेंगी और पार्टी और सरकार की मजबूती में योगदान देंगी.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
