Bharat Taxi Launch: आज कैब सर्विस के सेक्टर में एक नई शुरुआत होने जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की पहली कोऑपरेटिव टैक्सी सर्विस एप्लिकेशन भारत टैक्सी को लॉन्च करने वाले हैं. आज आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली में लॉन्च होने जा रही है. यह सेवा सहकारी मॉडल पर आधारित है और इसे केंद्र सरकार का समर्थन मिला हुआ है. कार्यक्रम के उद्घाटन से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि चालक बहन-भाई ‘भारत टैक्सी’ से न सिर्फ अधिक मुनाफा कमा पाएंगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी होंगे.
प्राइवेट कैब सर्विस देने वाली कंपनियों को कड़ी टक्कर
इस नई कैब सर्विस से प्राइवेट कैब सर्विस देने वाली कंपनियों को कड़ी टक्कर मिलने वाली है. सरकार का दावा है कि इस टैक्सी प्रोवाइडिंग एप के माध्यम से ड्राइवरों को उनके हक का पूरा पैसा मिलेगा. इसके अलावा यूजर्स को भी सर्ज प्राइजिंग और प्राइवेट कैब्स कंपनियों द्वारा मनमाना पैसा नहीं देना होगा. इस एप की सॉफ्ट लॉन्चिंग हो चुकी है. भारत टैक्सी का प्रोजेक्ट पहले से शुरू हो गया है, जिसके तहत दिल्ली-NCR में इसका ट्रायल भी चल रहा था.
एप पर मिलेंगी तीनों सर्विस
भारत टैक्सी एप में यूजर्स को कैब, बाइक और ऑटो तीनों सुविधाएं मिलेंगी. इस प्लेटफॉर्म में ग्राहकों को कम दूरी की यात्रा से लेकर लंबी यात्रा के लिए भी सर्विस प्रोवाइड कराई जाएगी. कस्टमर अपनी जरूरत के हिसाब से बजट के अनुसार अपने लिए राइड बुक कर सकता है. भारत टैक्सी में यात्रियों की सेफ्टी-सिक्योरिटी को प्राइमरी रखा गया है. सभी चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य है. App में इमरजेंसी SOS बटन, लाइव लोकेशन शेयरिंग और ट्रिप हिस्ट्री जैसी सुविधाएं भी है. एप में हेल्पलाइन नंबर की सुविधा भी दी जा रही है.
कैसे करें डाउनलोड?
आपको यह App एप्पल स्टोर और गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना है. आपको Bharat Taxi- Ride Booking App, इस नाम के एप को डाउनलोड करना है. इसके बाद मोबाइल नंबर और नाम डालकर, ओटीपी सब्मिट करना है. इसके बाद आपका एप चालू हो जाएगा.
क्या है भारत टैक्सी ?
भारत टैक्सी एक राइड-हेलिंग ऐप है, जो सहकारी मॉडल पर काम करता है. इसे केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त है. सहकारिता मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक स्टेटमेंट के अनुसार, इस सेवा में ड्राइवरों को स्वामित्व, संचालन और वैल्यू बढ़ाने के केंद्र में रखा गया है. सरकार का कहना है कि यह मॉडल ड्राइवरों को निजी कंपनियों द्वारा होने वाले शोषण से बचाने में मदद करेगा. आपको बता ये कि यह पहल सीधे तौर पर भारत सरकार द्वारा संचालित नहीं है. इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड चला रही है, जिसे अमूल से जुड़े रहे कुछ प्रमुख लोगों का समर्थन मिला हुआ है.
