Deepak Kumar Death Threat: उत्तराखंड के कोटद्वार में मुस्लिम बुजुर्ग दुकानदार को बचाने वाले दीपक कुमार को जान से मारने की धमकी दी गई. धमकी देने वाले ने दीपक की हत्या के लिए 2 लाख रुपये देने का भी ऐलान किया. दीपक ने इसकी शिकायत पौड़ी गढ़वाल पुलिस से की. पुलिस ने धमकी भरा वीडियो डालने वाले उत्कर्ष कुमार का पता लगा लिया. उसकी लोकेशन बिहार में निकली. उत्तराखंड पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद बिहार पुलिस उसे पकड़कर नजदीकी थाने ले आई.
बिहार में निकली लोकेशन
पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम उत्कर्ष कुमार है, जो बिहार के मोतिहारी में रहता है. रविवार, 8 फरवरी को दीपक ने पुलिस को एक शिकायत दी थी. शिकायत में दीपक ने कहा कि किसी अज्ञात युवक ने सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने पर 2 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है. पुलिस ने कोतवाली कोटद्वार में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी. टेक्निकल और जरूरी जानकारी के जरिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो डालने वाले उत्कर्ष कुमार का पता लगा लिया.
फॉलोअर बढ़ाने के लिए किया ये काम
पूछताछ के दौरान उत्कर्ष कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर उसके फॉलोअर नहीं बढ़ रहे थे. पौड़ी गढ़वाल पुलिस के फेसबुक पेज पर शेयर एक वीडियो में उत्कर्ष कुमार ने कहा,”दीपक का वीडियो बहुत ट्रेंडिंग हो रहा था. मेरे पेज की रीच डाउन हो गई थी. इसलिए मैंने दीपक के बारे में वीडियो बनाया.” पुलिस ने कार्रवाई की तो आरोपी माफी मांगता नजर आया. उसने वीडियो में कहा,”सॉरी दीपक भाई, अगर मेरे वीडियो से आपको तकलीफ हुई, दिल आहत हुआ, तो दिल से क्षमा मांगता हूं. आप हमारे भाई समान हैं. अगर हमारी बातों से आपको ठेस पहुंची, तो दिल से क्षमा मांगता हूं
क्या है पूरा विवाद?
पूरा विवाद 28 जनवरी को हुआ था, जब कुछ हिंदू संगठनों ने मुस्लिम युवक कि दुकान के नाम पर आपत्ति जताई थी. मुस्लिम युवक ने अपनी दुकान का नाम ‘बाबा ड्रेस’ रखा था जिस पर हिंदू संगठनों के लोगों को आपत्ति थी. इस पूरे विवाद में दीपक मुस्लिम युवक के पक्ष में दिख रहा था. इस दौरान उसने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया था जबकि उसका असली नाम दीपक कुमार है.
ये भी पढ़ें: कहां छिपा है यूपी का मोस्ट वांटेड? 5 लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी!
