उत्तर प्रदेश के कानपुर में किडनैपिंग का एक अनोखा मामला सामने आया. यहां कुछ यूट्यूबर्स ने बच्चे को किडनैप किया और उसके बाद प्रैंक बोलकर उसे छोड़ दिया.
कानपुर में किडनैपिंग का अनोखा मामला
उत्तर प्रदेश के कानपुर से किडनैपिंग का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक मासूम बच्चे की किडनैपिंग के आरोप में पुलिस ने यूट्यूबरों को पकड़ा है. आपको बता दें कि पूरा मामला 11 फरवरी का है, जब एक 10 साल का बच्चा अपने घर से सामान लेने के लिए बाहर गया था. जिसके बाद 2 युवक उसे पकड़कर एक सुनसान इलाके लेकर चले गए. जिसके बाद यहां उन्होंने बच्चे को धमकाते हुए 2 लाख की फिरौती मांगी थी.
बच्चे को पास में सुनसान जगह पर ले गए आरोपी
हालांकि युवकों ने कुछ देर के बाद ही बिना पैसे लिए बच्चे को छोड़ दिया था. युवकों ने प्रैंक की बात कहकर बच्चे को छोड़ दिया था. जानकारी के मुताबिक, बर्रा-8 के निवासी अमित शुक्ला प्राइवेट नौकरी करते हैं. उनके परिवार में उनके अलावा उनकी पत्नी प्रभाती और 10 साल का बड़ा बेटा हर्षल और छोटा बेटा यशू है. हर्षल कक्षा 4 का छात्र है. बताया जा रहा है कि 11 फरवरी को शाम लगभग 7:30 बजे हर्षल घर के पास की एक दुकान पर सब्जी खरीदने के लिए गया था. इसी दौरान 2 लड़के उसे अपने साथ केडीएमए स्कूल के पास सुनसान जगह पर ले गए. जिसके बाद उन्होंने हर्षल को धमकाते हुए फोन दिया और कहा कि अपनी मां को फोन करो और 2 लाख रुपए मांगो.
सही सलामत घर लौटा बच्चा
जिसके बाद में मासूम ने घर फोन करके कहा कि उसे 2 लोगों ने किडनैप कर लिया है और 2 लाख रुपयों की मांग कर रहे हैं. बेटे के अपहरण की बात सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया, लेकिन इसी बीच लगभग 25 मिनट बाद मां के फोन पर दोबारा कॉल आई. जिसमें किदवई नगर में यूपी किराना स्कूल के पास 5 हजार रुपए पहुंचाने की बात को कहा गया. हालांकि रात लगभग 8:45 बजे किडनैपर्स ने फोन किया और खुद को यूट्यूबर बताया. इसके बाद 9 बजे करीब हर्षल सही सलामत लौट आया.
पुलिस ने खंगाले 150 सीसीटीवी
जिसके बाद इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दूसरे दिन हर्षल की मां ने गुजैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि गुजैनी थाना क्षेत्र के निवासी दो लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगभग 150 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद में 3 नाबालिग सहित 8 यूट्यूबरों को पकड़ा. पकड़े जाने के बाद सभी लोग कान पकड़कर माफी मांगने लगे और कहने लगे कि आगे से कभी भी ऐसा नहीं होगा.
