उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक प्राइवेट स्कूल में अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई. आपको बता दें कि ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब स्कूल में बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की है.
स्कूल पर हुई फायरिंग
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से फायरिंग का एक मामला सामने आया है. जौनपुर जिले में मौजूद एक प्राइवेट स्कूल में अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई. आपको बता दें कि ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब स्कूल में बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक इससे पहले 27 जनवरी को भी चार राउंड फायरिंग करके बदमाश फरार हो गए थे. जिसके बाद में स्कूल प्रबंधक की ओर से इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने किसी तरह का कोई खुलासा नहीं कर पाया था.
पुलिस को चुनौती दे रहे बदमाश
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. यहां अब दूसरी बार बदमाशों ने फायरिंग करके पुलिस को चुनौती दी है. यह घटना बदलापुर थाना क्षेत्र के भलुआही स्थित एक नामी प्राइवेट स्कूल की है. जानकारी के मुताबिक शनिवार की देर शाम कुछ अज्ञात बदमाशों ने स्कूल में जाकर कई राउंड गोलियां बरसाई, जिससे स्कूल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय पर स्कूल बंद था और बच्चे और टीचर सहित स्टाफ के सभी लोग अपने घर जा चुके थे.
एक बार और हो चुकी फायरिंग
घटना के बाद इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच की. पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं. पुलिस स्कूल और आसपास से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है. स्कूल में इसके पहले भी अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमले की नियत से फायरिंग की थी. बीती 27 जनवरी को भी स्कूल में 4 राउंड गोलियां चलाई गई थीं. उस समय स्कूल का सुरक्षा गार्ड साफ-साफ बच गया था.
अभिभावकों के अंदर बैठा डर
पिछली बार हुई फायरिंग में गोलियां स्कूल के गेट और शीशे पर लगी थीं. जिसके बाद अब दोबारा से स्कूल पर फायरिंग हुई है. दूसरी बार हुई इस फायरिंग के बाद अब अभिभावकों के अंदर भी डर बैठ गया है. इस घटना के बाद से जौनपुर पुलिस के ऊपर भी कई सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर स्कूल में इस तरह की घटनाएं होंगी तो बच्चे सुरक्षित कैसे रहेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
