दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट को लेकर अब इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष को समन जारी किया गया है और मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है.
इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष को समन जारी
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस द्वारा दिए गए शर्टलेस प्रोटेस्ट को लेकर अब पुलिस ने एक्शन को तेज कर दिया है. जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष को समन जारी किया है और मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है. जिसके बाद यूथ कांग्रेस ने इस बात की सोशल मीडिया पर जानकारी दी है.
तिलक मार्ग थाने में बुलाया गया
दिल्ली पुलिस के द्वारा इस समन को जारी करने के बाद में राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है. यूथ कांग्रेस के मीडिया विभाग की तरफ से जारी एक आधिकारिक अपडेट में बताया गया है कि इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में बुलाया है. हालांकि पूछताछ के पीछे के विशिष्ट कारणों के बारे में सही से नहीं बताया है. जिसके बाद से पुलिस थाने के बाहर हलचल बढ़ गई है.
प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए थे नारे
आपको बता दें कि यह समन आईवाईसी कार्यकर्ताओं के इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट को लेकर दिया गया है. इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए भारत और अमेरिका के व्यापार समझौते में विरोध जताया था. हालांकि इस मामले में पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और तिलक मार्ग थाने में FIR दर्ज की थी.
पुलिस ने 5 कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार
इस मामले को लेकर पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के 5 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान बिहार के कृष्णा हरि, बिहार के कुंदन यादव, यूपी के अजय कुमार, तेलंगाना रे नरसिम्हा यादव और मध्य प्रदेश के जितेंद्र यादव के रूप में की गई है. इस मामले में पुलिस ने सभी के खिलाफ लोक सेवक को चोट पहुंचाने, लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा डालना, आपराधिक षड्यंत्र और अवैध सभा और साझा इरादा जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई हैं.
