पंजाब के तरन तारन जिले के पट्टी कस्बे में एकतरफा प्यार में पागल आशिक ने विवाहिता के गोली मार दी. इस हमले में विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एकतरफा प्यार में खूनी वारदात
पंजाब के तरन तारन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के कस्बा पट्टी में एक युवक ने एकतरफा प्यार में खूनी साजिश को अंजाम दिया है. यहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने एक विवाहिता के गोली मार दी. गोली लगने के बाद विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसे तुरंत ही अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां लगातार उसका इलाज चल रहा है.
वीडियो हो रहा वायरल
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. घटना में घायल होने वाली विवाहिता की पहचान गार्डन कॉलोनी की रहने वाली रूबी मेहरा के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि रूबी की शादी कुछ महीनों पहले ही हुई थी.
शादी की खबर बर्दाश्त नहीं हुई
विवाहिता के ऊपर हमला करने वाले हमलावर की पहचान पट्टी के रहने वाले करण के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक आरोपी करण रूबी को पहले भी परेशान करता था, लेकिन इसी बीच रूबी की शादी हो गई. शादी होने की खबर को आशिक करण बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने शनिवार को रूबी के ऊपर हमला करते हुए कई फायर किए, जिसके बाद वह घायल होकर जमीन पर गिर गई.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि रूबी अपने पति के साथ में बाहर जा रही थी, उसी दौरान आरोपी रास्ते में आ गया और पहले उसने रूबी के पति से बहस की और फिर उसने रूबी के गोली मार दी. आरोपी ने एक गोली रूबी के सिर में मारी और दूसरी गोली शरीर के हिस्से में मारी. घटना के बाद आरोपी तुरंत ही फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- कैमरे चुराए, खुद ही कैमरे में हो गए कैद! स्कूल से मेन गेट और स्टाफ रूम के CCTV कैमरों की चोरी, परीक्षा केंद्र पर मौजूद थे पश्नपत्र
