उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मौजूद एक स्कूल में बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले चोरी की वारदात सामने आई है. स्कूल के मेन गेट और स्टाफ रूम का कैमरा चोरों ने चुरा लिया. घटना के बाद से सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्कूल से चोरी हुए सीसीटीवी कैमरे
उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक अनोखी घटना सामने आई है. जौनपुर के पंवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर में मौजूद होरिल राव इंटर कॉलेज से 2 सीसीटीवी कैमरों के चोरी होने की घटना सामने आई है. यहां कॉलेज के गेट और स्टॉफ रूम के सीसीटीवी कैमरों को चुरा लिया गया. बोर्ड परीक्षा केंद्र से हुई चोरी की घटना के बाद में इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना के बाद में विद्यालय प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराई है.
सीसीटीवी में कैद हो गए चोर
CCTV कैमरों के चोरी होने की इस घटना के बाद सुरक्षा पर भी कई सवाल खड़े होते हैं. हालांकि इस वारदात में एक ऐसी बात सामने आई है, जिसे देखकर दोबारा से सब चौंक गए. जब चोरों ने स्कूल में लगे सीसीटीवी को चुराया, तो उनकी वीडियो कैमरे में कैद हो गई. स्कूल के प्रिंसिपल और केंद्र व्यवस्थापक रविंद्र नाथ शर्मा के मुताबिक 21 फरवरी को जब एग्जाम शुरू होने पर मॉनिटरिंग स्क्रीन देखी गई, तो मेन गेट और स्टाफ रूम की लोकेशन दिखाई नहीं दी.
टीम की जांच में सामने आया सच
जब कैमरों में लोकेशन दिखाई नहीं दी, तो दोनों जगहों पर जांच करने के लिए टीम को भेजा गया, जिसके बाद पता लगा कि दोनों कैमरे गायब हो गए हैं. स्कूल में लगे दूसरे कैमरों की फुटेज देखने पर 2 संदिग्ध युवक अपना मुंह छिपाकर स्टाफ रूम की रोशनदान जैसी खिड़की को तोड़कर अंदर घुसते हुए दिखाई दिए. जब दूसरे कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो दोनों युवक स्कूल परिसर में घूमते हुए नजर आए.
परीक्षा प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं थीं मौजूद
स्कूल प्रशासन का कहना है कि एग्जाम शुरू होने से पहले सेंटर पर पुलिस या फिर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, जबकि स्कूल में बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं रखी गई थीं. इस घटना के बाद से 21 फरवरी की रात से सुरक्षा के लिए 2 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में लगातार जांच की जा रही है और आरोपियों को पहचानकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने किया सुसाइड, गले में वायर बांधकर दूसरी मंजिल से लगाई छलांग, जांच में जुटी पुलिस
