UP Employees Salary: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने होली से पहले राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है. यूपी सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आदेश जारी किया है कि फरवरी 2026 का वेतन और पेंशन 28 फरवरी 2026 को ही जारी कर दिया जाए. वित्त विभाग ने इस संबंध में सभी डीएम और सभी मुख्य एवं वरिष्ठ कोषाधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं.
जारी हो गए आदेश
वित्त विभाग की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि होली की छुटि्टयों को देखते हुए वेतन-पेंशन जारी करने की प्रक्रिया को फरवरी महीने के आखिरी दिन पूरा कर लिया जाए. वित्त विभाग के वित्त (लेखा) अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 1 मार्च 2026 को सामान्य अवकाश तथा 2 मार्च 2026 को होलिका दहन के सार्वजनिक अवकाश के कारण वेतन भुगतान की नियमित तिथि प्रभावित हो रही थी. इसी को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल की स्वीकृति से यह फैसला किया गया है. इसको देखते हुए सभी राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों और कार्यप्रभारित कर्मचारियों को सैलरी और कोषागारों से पेंशन पाने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को फरवरी का वेतन 28 फरवरी को ही जारी कर दिया जाए.
शिक्षकों की सैलरी को भी लेकर निर्देश जारी
यूपी सरकार ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े स्कूलों और कार्यालयों में होली से पहले वेतन और मानदेव का भुगतान करने के आदेश दिए हैं. होली को देखते हुए इस संबंध में बुधवार को स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की ओर से भी आदेश कर दिया गया है. इसके अलावा, यूपी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और कोषाधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का फौरन अनुपालन सुनिश्चित किया जाए ताकि होली से पहले बैंक खातों में पैसे पहुंच जाएं. बता दें, उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 18 लाख राज्य कर्मचारी हैं.
दायरे में कई विभागों के लोग
यूपी सरकार ने साफ किया है कि इस समय से पहले भुगतान के दायरे में कई विभागों के लोग शामिल होंगे. इसमें राज्य कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारी, स्थानीय निकायों के कर्मचारी, पेंशनर और आउटसोर्स या संविदा कर्मचारियों को लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी: होली से पहले मिल जाएगा वेतन, CM योगी ने जारी किया आदेश
