बिहार के बक्सर जिले में एक सिरफिरे एकतरफा आशिक ने शादी के दिन दुल्हन को गोली मार दी. जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि आरोपी दुल्हन का पड़ोसी था और उससे एकतरफा प्यार करता था.
सिरफिरे आशिक ने मारी दुल्हन को गोली
बिहार के बक्सर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां चौसा नगर पंचायत में मल्लाह टोली में एक शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं. जयमाल के दौरान मंच पर चढ़कर एक सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को गोली मार दी. जानकारी के मुताबिक डीजे पर ‘तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा, वरना कुंवारा मर जाऊंगा’ गाना बज रहा था. इसी दौरान सिरफिरे ने दुल्हन के गोली मार दी.
तमंचा निकाला और चला दी गोली
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि बारात बलिया जिले से चौसा में गई थी. दूल्हा दुल्हन मंच पर मौजूद थे और शादी की रस्में चल रही थीं. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक दीनबंधु मल्लाह नाम के युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा और मंच पर चढ़ गया. लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसने तमंचा निकाला और दुल्हन आरती के ऊपर गोली चला दी.
एकतरफा प्यार करता था आरोपी
गोली लगते ही दुल्हन जमीन पर गिर गई और मौके पर हड़कंप मच गया. इसी दौरान आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया. परिजनों ने घटना के बाद बताया कि दीनबंधु उनकी बेटी आरती से एकतरफा प्यार करता था. जिसके चलते वह आरती की सादी कहीं दूसरी जगह होने से नाराज था. बताया जा रहा है कि उसने पहले भी शादी रुकवाने की कोशिश की थी और धमकी भी दी थी.
दुलहन की हालत गंभीर
दुल्हन के परिवार ने युवक की धमकियों को गंभीरता से न लेकर उसे नजरअंदाज कर दिया. जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले डीजे पर गया और ‘तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा, वरना कुंवारा मर जाऊंगा’ गाना बजवाया. जिसके बाद मंच पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी. गोली लगने के बाद परिवार के लोग तुरंत ही उसे बक्सर सदर अस्पताल में ले गए, जिसके बाद उसे वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. फिलहाल दुल्हन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी सिविल कोर्ट पहुंचा और सरेंडर कर दिया फिलहाल पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में लिया है.
यह भी पढ़ें- योगी सरकार के 80 विधायकों पर टिकट कटने का खतरा, SIR रिपोर्ट में फिसड्डी रहने वालों को अंतिम चेतावनी
