झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को सुबह से समय एक जंगली हाथी घुस आया. जिससे स्थानीय लोगों के अंदर दहशत का माहौल बना हुआ है. वन विभाग की टीम लगातार हाथी को शहर के बाहर निकालने की कोशिश कर रही है.
रांची में घुस गया जंगली हाथी
झारखंड की राजधानी में शुक्रवार को अफरा-तफरी मच गई. रांची में सुबह के समय एक जंगली हाथी अचानक से शहर के अंदर घुस गया. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों के अंदर दहशत का माहौल बन गया है. इलाके में लोग अपने घरों से बाहर निकलने के लिए काफी ज्यादा बचते हुए दिखाई दे रहे हैं. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगली हाथी को सुबह लगभग 5 बजे के आसपास नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी के पास देखा गया था.
सुबह देखा गया था हाथी
अधिकारियों ने बताया कि सुबह देखने के बाद में हाथी हवाई नगर इलाके में घूमता रहा था, जिससे स्थानीय लोगों के अंदर डर का माहौल बन गया. सूचना मिलने के बाद तुरंत ही वन विभाग की टीम पहुंच गई और हाथी को शहर से बाहर निकालने के लिए कोशिशें शुरू कर दीं. रांची के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) श्रीकांत वर्मा का कहना है कि जंगली हाथी अपने रास्ते से भटककर शहर में घुस गया है.
बरती जा रही है सतर्कता
उनका कहना है कि सुबह का समय होने के कारण और स्कूलों के खुलने के कारण बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काफी सतर्कता बरती जा रही है. वन विभाग की टीम लगातार हाथी को बिना नुकसान पहुंचाए शहर से जंगल की तरफ वापस भेजने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि हाथियों का इस क्षेत्र में आना कोई बड़ी बात नहीं है, जंगली हाथी अक्सर हल्हू वन क्षेत्र से धुर्वा डैम तक पहुंच जाते हैं.
प्रशासन ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील
जंगली हाथी का शहर में घुसना लोगों में दहशत फैला रहा है. लोग अपने घरों से बाह निकलने से बच रहे हैं, जिसके कारण उनके कई काम अटके पड़े हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं न और सतर्क रहें. अधिकारियों ने कहा कि हाथी के पास जाकर उसे उकसाने की कोशिश न करें. प्रशासन की टीम लगातार हाथी को बाहर निकालने के लिए जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर की अनोखी होली! भैंसा गाड़ी पर निकलता शख्स और भीड़ बरसाती जूते चप्पल, 300 सालों से ज्यादा पुरानी है परंपरा
