15 indians crew injured: ओमान के मुसंदम तट के पास एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है जिसमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक सवार थे. इस हमले में 4 लोग घायल हुए हैं और इसे इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और खामेनेई की मौत के बदले की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है.

15 indians crew injured: इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब समुद्र तक साफ दिखने लगा है. इसी बीच ओमान के तट के पास एक भारतीयों से जुड़ा तेल टैंकर हमले का शिकार हो गया. अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स की जानकारी के अनुसार इस जहाज पर मौजूद चालक दल में कुल बीस लोग थे. इनमें पंद्रह भारतीय नागरिक और पांच ईरानी नागरिक शामिल थे. अचानक हुए इस हमले में चार लोग घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. यह साफ संकेत है कि इज़रायल और ईरान की लड़ाई अब आम नागरिकों और व्यापारिक जहाजों तक पहुंचने लगी है. समुद्री रास्तों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
हमले का शिकार हुआ टैंकर पलाऊ के झंडे के तहत समुद्र में यात्रा कर रहा था. यह जहाज ओमान के उत्तरी हिस्से में स्थित मुसंदम प्रायद्वीप के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान उस पर हमला किया गया. बताया गया है कि यह स्थान ओमान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील माना जाता है. मौजूदा हालात में यह पहली बार है जब ओमान के इतने पास किसी जहाज को निशाना बनाया गया है. इस घटना से यह भी साफ हो गया है कि समुद्र में चलने वाले व्यापारी जहाज अब पहले की तरह सुरक्षित नहीं रहे. जंग का दायरा धीरे धीरे और फैलता जा रहा है.
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया कि हमला खासब बंदरगाह से लगभग पांच समुद्री मील उत्तर की ओर हुआ. सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. कुछ ही समय में सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंच गईं. जहाज पर मौजूद सभी बीस लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि चार लोगों को चोटें आई हैं. किसी को हल्की चोट लगी है. किसी की हालत थोड़ी गंभीर बताई गई है. फिलहाल सभी घायलों को जरूरी इलाज दिया जा रहा है. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि टैंकर पर किस तरह के हथियार से हमला किया गया था. जांच जारी है.
समुद्र के बीच हुए इस अचानक हमले से जहाज पर सवार सभी लोग बुरी तरह घबरा गए. चालक दल के सदस्यों ने बताया कि कुछ ही सेकेंड में जहाज पर धमाके जैसी स्थिति बन गई थी. धुआं और शोर चारों तरफ फैल गया था. हालात को संभालना बेहद मुश्किल हो गया था. राहत की बात यह रही कि जहाज डूबा नहीं और समय रहते बचाव दल पहुंच गया. इस घटना ने ओमान के आसपास के समुद्री मार्गों पर चलने वाले दूसरे जहाजों को भी सतर्क कर दिया है. कई कंपनियों ने अपने जहाजों की आवाजाही पर दोबारा विचार शुरू कर दिया है.
जानकारों के अनुसार यह हमला उस जवाबी तनाव का हिस्सा माना जा रहा है जो इज़रायल. ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बढ़ रहा है. कुछ समय पहले अमेरिका और इज़रायल की कार्रवाई में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के दावे किए गए थे. इसके बाद से ही ईरान और उससे जुड़े गुट बदले की कार्रवाई में सक्रिय बताए जा रहे हैं. अब इसका असर सीधे आम व्यापारिक जहाजों और निर्दोष नागरिकों पर पड़ने लगा है. विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि हालात ऐसे ही बने रहे तो पूरे क्षेत्र में समुद्री व्यापार और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन सकती है.
