खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में हो रहे प्रदर्शनों के बीच में अमेरिकी दूतावास ने अपने सभी अपॉइमेंट्स को रद्द कर दिया है. पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को भीड़ से दूर रहने के लिए सलाह दी गई है.
पाकिस्तान में 35 लोगों की मौत
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खेमेनेई की अमेरिका और इजरायल द्वारा किए जा रहे हमलों में मौत के बाद पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी दूतावास में घुसकर काफी तोड़फोड़ की थी. पाकिस्तान में इस्लामाबाद से कराची तक भारी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया. पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों में होने वाले प्रदर्शनों में अभी तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है.
अमेरिकी दूतावास ने किए सभी अपॉइमेंट्स रद्द
पाकिस्तान में हालातों को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने 2 मार्च यानी कि आज के सभी अपॉइमेंट्स को रद्द कर दिया है. इस जानकारी को इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी है. अमेरिकी दूतावास की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक देश में हालातों को देखते हुए वीजा और अमेरिकन सिटिजन सर्विसेडज से जुड़े हुए सभी अपॉइमेंट्स को रद्द कर दिया गया है.
सभी दूतावास पर लागू होगा फैसला
जानकारी के मुताबिक यह फैसला इस्लामाबाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास के साथ में लाहौर और कराची में मौजूद अमेरिका के वाणिज्यिक दूतावासों के ऊपर भी लागू होगा. अमेरिकी दूतावास ने बताया कि पाकिस्तान में होने वाले प्रदर्शनों की खबरों के ऊपर भी लगातार नजर रखी जा रही है. आपको बता दें कि लाहौर, पेशावर और कराची में US कॉन्सुलेट जनरल के बाहर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं.
अमेरिकी नागरिकों को STEP पंजीकरण को अपडेट रखने की सलाह
पाकिस्तान में हालातों को देखते हुए सुरक्षा को लेकर अमेरिकी कर्मचारियों को अगले आदेश तक आवाजाही को सीमित रखने का निर्देश भी दिया गया है. अमेरिकी दूतावास ने पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को भी सलाह दी है कि वे सभी लोग स्थानीय खबरों पर नजर बनाए रखें. अमेरिकी नागरिकों को आसपास के माहौल में सतर्क और भीड़ से दूर रहने की सलाह दी गई है. अमेरिकी नागरिकों से STEP पंजीकरण को अपडेट रखने के लिए कहा गया है.
