प्रयागराज के नैनी इलाके में आज दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई है, जहां स्कूल से घर लौट रहे एलकेजी (LKG) के छात्र का बदमाशों ने किडनैप कर लिया. बदमाशों ने बच्चे के दादा को धक्का देकर गिरा दिया और मासूम को ऑल्टो कार में डालकर फरार हो गए. इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों के निर्देश पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है.
कैसे दिया वारदात को अंजाम
गांव में ओम प्रकाश की पत्नी, दो बच्चों और पिता के साथ रहती हैं. प्रतीक एलकेजी का छात्र है और वह रोज स्कूल वैन से आता-जाता है. वैन घर से कुछ दूरी पर बच्चों को उतारती है, जहां से उसके दादा उसे लाने और ले जाने का काम करते हैं. पुलिस पूछताछ में दादा ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे वह प्रतीक को लेने जा रहे थे. तभी बदमाशों ने बच्चे के दादा से रास्ता पूछने का बहाना किया. जैसे ही प्रतीक वैन से उतरा, दादा से बात कर रहा युवक तेजी से उसकी ओर दौड़ा और उसे दबोच लिया. दादा जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने कार आगे बढ़ाई और बच्चे को लेकर फरार हो गए. पीड़ित पिता ओम प्रकाश शर्मा मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं.
पुलिस जांच में जुटी
छात्र की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात अपहर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. परिजनों की तहरीर में किसी से कोई रंजिश नहीं जताई गई है. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को लेकर जांच में जुटी है, बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है.
कई थानों की फोर्स तैनात
शनिवार देर रात तक पुलिस अगवा करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी रही. पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई की. हालांकि पुलिस अभी तक छात्र को अगवा करने वाले बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा. इस पूरे संवेदनशील मामले में कई थानों की फोर्स को तैनात किया गया है. साथ ही एसओजी और सर्विलांस की टीमें हर एक पहलू पर बारीकी से छानबीन कर रही हैं
