दिल्ली के रोहिणी इलाके से BSF के एक जवान की बेटी सोसाइटी के गेट से अचानक गायब हो गई. परिजनों के ढूंढ़ने के बाद जब वह नहीं मिली, तो पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मामले में जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
BSF के जवान की बेटी लापता
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक 12 साल की बच्ची अचानक से लापता हो गई. जानकारी के मुताबिक गायब होने वाली बच्ची सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की बेटी है. परिजनों ने बताया है कि बच्ची स्कूल से घर वापस आ रही थी और वह अपनी आवासीय सोसाइटी के गेट के बाहर से अचानक लापता हो गई.
स्कूल के लौट रही थी घर
रोहिणी इलाके में हुई इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुबह बच्ची स्कूल गई थी और दोपहर में वापस घर लौट रही थी, इसी दौरान वह सोसाइटी के गेट से अचानक गायब हो गई. बताया जा रहा है कि बच्ची सोसाइटी के गेट तक पहुंची थी, लेकिन उसके बाद वह अचानक गायब हो गई.
परिजनों ने तलाशी के बाद पुलिस को दी सूचना
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना रोहिणी सेक्टर-28 में मौजूद एक हाउसिंग सोसाइटी के पास की है. जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची, तो परिवार वालों ने उसे ढूंढ़ना शुरू किया. परिजनों ने पहले तो उसे आसपास के इलाकों में तलाशा, लेकिन आसपास के इलाकों और परिजनों से पूछताछ के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला. जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी है.
पुलिस की कई टीमों गठित
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. बच्ची की तलाशी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. टीमों को अलग-अलग इलाकों में तलाशी के लिए तैनात किया गया है. पुलिस बच्ची की तलाशी के लिए आसपास इलाके में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को जल्दी ही ढूंढ़ लिया जाएगा.
