मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच इराक में अमेरिका का KC-135 रिफ्यूलिंग विमान हादसे का शिकार हुआ है. इस हादसे में विमान में सवार 4 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है वहीं 2 मेंबर लापता हैं.
अमेरिका का KC-135 हादसे का शिकार
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच में अमेरिका को बड़ा झटका लगा है. जानकारी के मुताबिक पश्चिमी इराक में शुक्रवार को अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 रिफ्यूलिंग विमान हादसे का शिकार हुआ है. बताया जा रहा है कि इस विमान में कुल 6 क्रू मेंबर सवार थे, इन जवानों में से 4 की मौत हो गई है. अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने क्रू मेंबर्स की मौत की खबर दी है.
4 क्रू मेंबर्स की मौत
सेटकॉम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि KC-135 रिफ्यूलिंग विमान में 6 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 4 की मौत हो गई है. हादसे के बाद 2 क्रू मेंबर्स की तलाश और बचाव ऑपरेशन लगातार जारी है. सेंटकॉम का कहना है कि इस हादसे के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच लगातार जारी है. सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सेंटकॉम ने जानकारी दी कि कुछ भी सामने आते ही जानकारी दी जाएगी.
हमले के कारण नहीं हुआ हादसा
अमेरिकी वायु सेना ने साफ किया है कि यह हादसा दुश्मन के हमले या फिर किसी फ्रेंडली फायर के कारण नहीं हुआ है. आपको बता दें कि KC-135 एक रिफ्यूलिंग विमान है. इस विमान का इस्तेमाल दूसरे विमानों को हवा में ईंधन देने के लिए किया जाता है. इस विमान को टैंकर विमान भी कहा जाता है. इस तरह के विमान लंबी दूरी के मिलिट्री ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाते हैं.
अमेरिका को 4 विमानों का नुकसान
सैन्य विमान या फिर फाइटर जेट्स युद्ध के दौरान या लंबी दूरी के ऑपरेशन के दौरान जमीन पर बिना उतरे आसमान में ही इस विमान से ईंधन ले लेते हैं. आपको बता दें कि इससे पहले कुवैत में भी फ्रेंडली फायर में अमेरिका को नुकसान हुआ था. उस दौरान अमेरिका के 3 F-15S विमानों को गिराया गया था. ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद में अमेरिका के अभी तक 4 विमान खत्म हुए हैं.
यह भी पढ़ें- मातम में बदलीं शादी की खुशियां! चलती बारात के बीच हुआ विवाद, पीट-पीटकर की व्यक्ति की हत्या
