राजधानी दिल्ली में एक बारात को रास्ता देने के दौरान विवाद हो गया. मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई और इस दौरान एक व्यक्ति की हत्या हो गई. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बारात के दौरान व्यक्ति की मौत
राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. दिल्ली के भारत नगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर जेजे कॉलोनी में एक बारात के दौरान मारपीट ने हिंसक रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि रास्ते को खाली कराने को लेकर मामूली कहासुनी शुरू हुई थी, जिसके बाद कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और इस दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. वहीं इस घटना में 2 लोग घायल हुए हैं.
रास्ता खाली कराने से शुरू हुआ था विवाद
आपको बता दें कि पूरी मामला दिल्ली के वजीरपुर इलाके का है. यहां एक शादी समारोह के दौरान खुशियां मातम में बदल गईं. यहां बारात के दौरान हुए झगड़े में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि विवाद रास्ता खाली कराने की बात को लेकर शुरू हुआ था. इस दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के ऊपर बेल्ट और लाठी-डंडों के साथ लोहे की रॉड से हमला कर दिया.
पुलिस को मिली थी पीसीआर कॉल
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि 12 मार्च को थाने में एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि जेजे कॉलोनी में झगड़ा हुआ है. जिसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि माता पार्क के पास में बारात को रास्ता देने की बात से कहासुनी शुरू हुई थी. जिसके बाद यह पूरी हिंसा हुई. पुलिस ने बताया कि आरोप है कि नटवाला ने अपने साथी राघव, अभिषेक और अर्जुन के साथ मिलकर पीड़ित पर हमला किया.
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतक की पहचान मोहन कोली के रूप में की गई है. वहीं घायलों की पहचान 42 साल के मोहन लाल और 47 साल के वीरेंद्र के रूप में की गई है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है.
