AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में मोबाइल डेटा को रोलओवर करने का मुद्दा उठाया है. उन्होंने कहा कि अगर हम डेटा को इस्तेमाल न कर पाएं, तो उसे अगले दिन इस्तेमाल करने की परमिशन दी जाए.
राघव चड्ढा ने उठाया डेटा रोलओवर का मुद्दा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में मोबाइल डेटा रोलओवर का मुद्दा उठाया है. राघव चड्ढा ने बताया है कि आज उन्होंने संसद में जीरो आवर के दौरान इस्तेमाल न होने वाले मोबाइल डेटा को आगे ले जाने से जुड़ा हुआ एक मुद्दा उठाया है. उन्होंने कहा कि यूजर्स के लिए मोबाइल डेटा रोलओवर होने की परमिशन होनी चाहिए. इसी के साथ यूजर्स में मोबाइल डेटा को ट्रांसफर करने की भी परमिशन मिलनी चाहिए.
बचा हुआ डेटा सेव कर लेती कंपनियां
राघव चड्ढा ने संसद में कहा कि यह मुद्दा देश के लोगों से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि प्लान के मुताबिक हर दिन डेटा की लिमिट मिलती है, जो 1.5 या 2 जीबी के रूप में होती है और जैसे ही रात के 12 बजते हैं, तो तुरंत ही बचा हुआ डेटा एक्सपायर हो जाता है. उन्होंने कहा कि उस बचे हुए डेटा को अगले दिन के लिए कैरी फॉरवर्ड नहीं किया जाता है. राघव चड्ढा ने कहा कि आपसे पूरा पैसा लिया जाता है और बचा हुआ डेटा कंपनियां खुद सेव कर लेती हैं.
पेट्रोल को लेकर दिया उदाहरण
इस मुद्दे पर राघव चड्ढा ने पेट्रोल का उदाहरण दिया, उन्होंने कहा कि जिस तरह से महीने का पेट्रोल भरवाने पर 15 लीटर में 5 लीटर पेट्रोल बच जाता है, तो पेट्रोल पंप का मालिक नहीं कहता है कि बचा हुआ पेट्रोल वापस कर दो. उन्होंने कहा कि जिस तरह से आप पेट्रोल को पूरा इस्तेमाल करते हैं, वैसे ही डेटा को भी इस्तेमाल करने की परमिशन होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि डोटा रोलओवर की परमिशन दी जानी चाहिए.
पैसे की तरह ट्रांसफर कर पाएं डेटा
संसद में राघव चड्ढा ने मुद्दा उठाने के बाद इसके बारे में जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि एक दिन में जो डेटा इस्तेमाल नहीं हो पाया है उसे अगले दिन इस्तेमाल करने की परमिशन दी जाए. उन्होंने कहा कि दुनिया में अमेरिका, यूरोप, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में रोलओवर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि जैसे हम फोन से पैसे ट्रांसफर कर लेते हैं, वैसे ही डेटा ट्रांसफर करने की सुविधा भी देनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ा विवाद! जहाजों से मोटी रकम वसूल रहा ईरान; अमेरिकी ने दे डाली धमकी
