Ghaziabad terror module bust: गाजियाबाद में संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ SIT की कार्रवाई में रविवार को एक नाबालिग, महिला और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. इस जासूसी नेटवर्क में गिरफ्तार मीरा नाम की महिला को लेकर खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक मीरा पाकिस्तान में बैठे सरफराज उर्फ सरदार के संपर्थ में थी. ये महिला मथुरा की है. मीरा मथुरा में सिर्फ दिखावे के लिए ई-रिक्शा चलाती थी. पढ़िए पूरी खबर
महिला करती थी हथियारों की सप्लाई
अवैध हथियारों की तस्करी से गैंगस्टर से लेकर छोटे बदमाशों तक मीरा की पकड़ थी. पिछले साल भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में उसकी गिरफ्तारी की थी. मीरा का कई अवैध हथियारों के डीलरों से सीधा संपर्क था. पुलिस के अनुसार जासूसी नेटवर्क में मीरा उस ग्रुप में नजर आई जिसमें पाकिस्तानी हैंडलर सीधा बातचीत करता था. जानकारी के मुताबिक मीरा दो साल से इस ग्रुप के साथ जुड़ी हुई है. पुलिस की लिस्ट में सप्लाई नेटवर्क पर मीरा का नाम टॉप पर था. आरोपी मीरा जासूसी के इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने की माध्यम थी. मीरा से एजेंसियां और पुलिस पूछताछ कर रही हैं.
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, पकड़ा गया नाबालिग दिल्ली कैंट क्षेत्र में कैमरे लगाने में शामिल था और टेक्निकली एक्सपर्ट बताया जा रहा है. महिला गिरोह के सरगना सुहैल के नेटवर्क से जुड़ी है, जबकि तीसरा आरोपी नौशाद अली संवेदनशील इलाकों की रेकी करता था.
पाक को भेजी जाती थी जानकारी
14 मार्च को पुलिस ने एक बड़े गिरोह का खुलासा किया था, जो दिल्ली, मुंबई, जयपुर समेत कई संवेदनशील इलाकों के फोटो और वीडियो बनाकर पाकिस्तान, यूके और मलेशिया के नंबरों पर भेज रहा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क को पाकिस्तान में बैठा सरगना ‘सरदार उर्फ सरफराज’ कर रहा था, जो आरोपियों के सीधे संपर्क में था और उन्हें निर्देश देता था. इसी ग्रुप में आरोपी मीरा भी एक्टिव थी.
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
इस पूरे मामले में अब तक पांच नाबालिगों समेत कुल 9 लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है. इन आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संवेदनशील स्थानों के फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं. रविवार को पकड़े गए आरोपियों में मथुरा निवासी महिला मीरा ठाकुर और फरीदाबाद के तिगांव निवासी नौशाद अली है.फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इसके तार कहां-कहां तक जुड़े हैं.
ये भी पढ़ें: डोटा को किया जाए रोलओवर! राघव चड्ढा ने संसद में उठाया मुद्दा; पैसे की तरह होना चाहिए डेटा ट्रांसफर
